फेसबुक पोस्ट को लेकर बलिया में दो पक्षों के बीच झड़प, BJP नेता घायल, 4 आरोपी गिरफ्तार

Summary :

रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के संवरा गांव में दो पक्षों में फेसबुक पर किए गए एक पोस्ट को लेकर विवाद शुरू हो गया और बाद में झड़प हुई जिसमें बीजेपी के स्थानीय नेता भूपेंद्र नाथ सिंह घायल हो गए।

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के फेसबुक पोस्ट लेकर दो पक्षों में विवाद का मामला सामने आया है। घटना में बीजेपी के स्थानीय नेता सहित दो लोग घायल हो गए। मामले में पुलिस ने एक पुलिसकर्मी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। 
पुलिस के अनुसार रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के संवरा गांव में गुरुवार शाम दो पक्षों में फेसबुक पर किए गए एक पोस्ट को लेकर विवाद शुरू हो गया और बाद में झड़प हुई जिसमें बीजेपी के स्थानीय नेता भूपेंद्र नाथ सिंह (40) व संजीव कुमार सिंह उर्फ बब्लू (38) घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल रसड़ा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां से दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया।
घटनास्थल का दौरा करने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक संजय यादव ने बताया कि इस मामले में राकेश कुमार सिंह की शिकायत पर रसड़ा कोतवाली में चार लोगों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बस्ती जिले में तैनात पुलिसकर्मी रोहित कुमार सिंह तथा राहुल सिंह, बिट्टू सिंह व विकास सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। 

Desk Team