देशभर में बढ़ रहे कोरोना वायरस के चलते कई तरह के अहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। इसी के चलते उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश में कोरोना के संक्रमण को देखते हुए बड़ा फ़ैसला किया है। कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूल को 11 अप्रैल तक बंद करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। अब सभी सरकारी और निजी क्षेत्र के स्कूल 11 अप्रैल तक बंद रहेंगे। बाकी कक्षाओं के लिए स्कूलों में कोविड प्रोटोकॉल का सख़्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
इससे पहले सरकार ने 4 अप्रैल तक स्कूल बंद करने का आदेश दिया था। अब 4 अप्रैल तक बंद की अवधि को 11 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया है क्योकि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों ने सभी राज्यों की मुश्किलें बढ़ा दी हैंइसी कारण स्कूल फिर से बंद होने शुरू हो गए हैं। बैठक में सीएम ने कहा कि कोरोना के संदिग्ध मामलों में आरटी-पीसीआर जांच अनिवार्य रूप से किया जाए।
इसके अलावा समीक्षा बैठक में सीएम योगी ने टेस्टिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि समूहों में संचालित संस्थानों, बालिका संरक्षण गृह, वृद्धाश्रम, अनाथाश्रम, आदि में टेस्टिंग प्राथमिकता पर की जाए। योगी ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी समितियों को भी पूरी तरह से सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं।
संक्रमण की निगरानी के लिए सीएम ने हर वार्ड और गांव में निगरानी समिति के गठन के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के संबंध में लगातार लोगों को जागरूक करने के लिए जागरुकता अभियान चलाया जाए। सार्वजनिक कार्यक्रमों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित कराया जाए और मास्क के अनिवार्य उपयोग पर विशेष ध्यान देने के भी निर्देश दिए।


Download Android App
Download iOS App



