औरंगाबाद(महाराष्ट्र) : उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना सरकार की योजनाएं लोगों के कल्याण के लिए है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों ने कुछ लोगों को फायदे पहुंचाने के लिये जनता के पैसे लूटे।
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव 21 अक्टूबर को होगा और 24 अक्टूबर को चुनाव परिणाम की घोषणा होगी। आदित्यनाथ ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा, ‘‘योजनाओं और किसानों के लिए आवंटित धन हड़प लिया गया। विकास महज एक परिवार के विकास तक सीमित रह गया।’’
जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को खत्म किए जाने पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कदम बाबा साहेब आंबेडकर और छत्रपति शिवाजी महाराज को श्रद्धांजलि की तरह है, जिन्होंने अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी ।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने डॉ. आंबेडकर के विरोध के बावजूद 1952 में संविधान में अनुच्छेद 370 जोड़ा। इसे निरस्त किया जाना बाबासाहेब आंबेडकर और छत्रपति शिवाजी महाराज को श्रद्धांजलि है, जो कि न्याय के लिए लड़े थे।’’
उप्र के मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र की कानून व्यवस्था की स्थिति के लिए देवेंद्र फडणवीस सरकार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र के साथ मिलकर आतंकवाद को रोकने के लिए कदम उठाए ।
आदित्यनाथ यहां भाजपा के तानाजी मुटकुले के लिए प्रचार कर रहे थे, जो हिंगोली विधानसभा सीट से एक बार फिर चुनाव मैदान में हैं।


Download Android App
Download iOS App



