यूपी में चुनाव है और सियासी वार-पलटवार जारी है। ऐसे में प्रदेश की सत्ता में बैठी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर निशाना साधा और राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) घोटाले की याद दिलाते हुए पूछा कि उसे ‘भूले तो नहीं—।’
प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा विपक्षी दलों खासकर समाजवादी पार्टी, बसपा और कांग्रेस पर लगातार हमलावर है। भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई ने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से सोमवार को ट्वीट किया है, ”भूले तो नहीं… बसपा काल में हुआ पांच हजार करोड़ रुपये का एनआरएचएम घोटाला कितनी जिंदगियां निगल गया था।”
भूले तो नहीं…
बसपा काल में हुआ 5 हजार करोड़ रुपये का NRHM घोटाला कितनी जिंदगियां निगल गया था। pic.twitter.com/rir7IU1TqG
— BJP Uttar Pradesh (@BJP4UP) November 8, 2021
इसी ट्वीट में भाजपा ने एक पोस्टर टैग किया है जिसमें भूले तो नहीं सवाल के साथ लिखा गया है कि बसपा सरकार में पांच हजार करोड़ रुपये का घोटाला हुआ था। दो मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) एक डिप्टी सीएमओ समेत कई लोगों की हत्या हुई थी। इस घोटाले का खुलासा नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट में हुआ था और अभी भी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) इसकी जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश में 2007 से 2012 तक मायावती के नेतृत्व में बहुजन समाज पार्टी की सरकार रही और इसी काल में एनआरएचएम घोटाला सामने आया। सीबीआई ने इस मामले की जांच में बसपा सरकार में मंत्री रहे बाबू सिंह कुशवाहा समेत कई मंत्रियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को आरोपी बनाया है।


Download Android App
Download iOS App



