उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में मीरापुर से बीजेपी उम्मीदवार प्रशांत गुज्जर के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। गुज्जर पर चुनावी सभा में भड़काऊ भाषण देने और निर्वाचन आयोग के प्रचार संबंधी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने का आरोप है। ककरोली थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि बिना अनुमति के सभा करने के आरोप में प्रशांत गुज्जर और उनके 40 समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ने कोविड-19 संबंधी स्थिति के मद्देनजर सभी प्रकार की जनसभाओं और रैलियों पर रोक लगा दी है। एक वीडियो क्लिप में गुज्जर चौरावाला गांव के लोगों से उन्हें समर्थन देने की अपील करते दिख रहे हैं। गुज्जर वीडियो में कहते सुनाई दे रहे हैं कि बीजेपी हिंदुओं की और विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) मुस्लिम पार्टी है।
महिला सशक्तिकरण की बात कर रही BJP की मंत्री हुई मारपीट की शिकार, ऑडियो वायरल, जानें मामला?
सुनील शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो की जांच करने के बाद गुज्जर और उनके समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि गुज्जर जिस चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे, वह निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करते हुए और जिला प्राधिकारियों की अनुमति के बिना आयोजित की गई थी।
उन्होंने कहा कि गुर्जर और उनके 40 समर्थकों के खिलाफ जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 125 (चुनाव के संबंध में वर्गों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), महामारी रोग अधिनियम की धारा तीन और आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 51 के तहत आरोप लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 (विधिवत रूप से घोषित लोक सेवक के आदेश की अवज्ञा) और धारा 269 एवं धारा 270 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा उनके खिलाफ धारा 505 (2), धारा 171 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। मीरापुर विधानसभा क्षेत्र में सात चरणीय उत्तर प्रदेश चुनाव के पहले चरण में 10 फरवरी को मतदान होगा।


Download Android App
Download iOS App



