राकेश टिकैत ने हिंदू-मुस्लिम और जिन्ना को बताया सरकारी मेहमान, बोले-सरकार के प्रवचन में नहीं आना

Summary :

राकेश टिकैत का कहना है कि उत्तर प्रदेश में ढाई महीने तक हिंदू मुस्लिम और जिन्ना का भूत रहेगा। सरकार इनको लेकर प्रवचन देती रहेगी और इन बातों में जनता को नहीं आना है।

उत्तर प्रदेश में चुनावों को लेकर सियासत अपने चरम पर है। किसान नेता राकेश टिकैत का कहना है कि उत्तर प्रदेश में ढाई महीने तक हिंदू मुस्लिम और जिन्ना का भूत रहेगा। सरकार इनको लेकर प्रवचन देती रहेगी और इन बातों में जनता को नहीं आना है।
अलीगढ़ के इगलास क्षेत्र में रविवार को एक विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे टिकैत ने कहा, दिल्ली में 13 महीने की ट्रेनिंग के बाद अगर चुनाव में बताना पड़े कि हमारा क्या स्टैंड रहेगा इसका मतलब किसानों की ट्रेनिंग कच्ची रही। 

अल्पसंख्यक समुदाय के साथ की आस में BJP, RSS की मुस्लिम शाखा ने चलाया अभियान, धर्म संसद पर कहा…

उन्होंने आगे कहा कि देश में अभी हिंदू-मुस्लिम और जिन्ना ढाई महीने के प्रवास पर उत्तर प्रदेश के सरकारी मेहमान हैं। 15 मार्च तक यहां पर रहेंगे। सरकार स्टेज से प्रवचन देगी, इनके प्रवचन में हमें नहीं आना। हमें क्या पता किसकी सरकार बनेगी। लेकिन जनता इनको वोट नहीं देगी।
टिकैत ने कहा, यहां का जो किसान है वह आलू से त्रस्त है जो प्रवचन सरकार के चल रहे हैं उनसे बचना है। हमें गठबंधन के बारे में नहीं पता किसका गठबंधन है। 31 तारीख को हमारा पूरा विरोध प्रदर्शन रहेगा। केंद्र सरकार की जो कमेटी बननी थी अभी नहीं बनी है।
अखिलेश के बयान पर हमलावर हुई BJP
गौरतलब है कि ‘जिन्ना’ को लेकर बीजेपी के निशाने पर अखिलेश यादव ने पाकिस्तान को लेकर एक बयान देकर फिर नया विवाद खड़ा कर दिया। अखिलेश यादव ने एक अखबार को दिए इंटरव्यू में कहा कि “वह पाकिस्तान को भारत का असली दुश्मन नहीं मानते। उन्होंने कहा कि बीजेपी वोट की राजनीति के लिए पाकिस्तान को हमारा दुश्मन बताती है।” उनके इस बयान पर बीजेपी प्रवक्ता संबित ने कहा, “जिन्ना से जो करे प्यार, वो पाकिस्तान से कैसे करे इनकार। जिन्ना का नाम लेकर उतरे थे और वो आज पाकिस्तान पर पहुंच गए।” 

Desk Team