बड़े मामलों की छानबीन करने वाली सीबीआई ने उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में एक कमीशन एजेंट से 100 रुपये कथित घूस मांगने के आरोप में डाक विभाग के दो अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसी ने एक कमीशन एजेंट के पति की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि अधीक्षक संतोष कुमार सरोज और डाक सहायक सूरज मिश्रा ने प्रत्येक बीस हजार रुपये जमा करने पर 100 रुपये रिश्वत की मांग की थी। सीबीआई के एक अधिकारी ने बताया, “हमारे लिए कोई बड़ा या छोटा मामला नहीं होता। हम सभी मामलों से एक समान रूप से निपटते हैं।”
शिकायतकर्ता ने कहा कि उनकी पत्नी गांवों से डाक विभाग के बचत खाते के लिए रकम एकत्र करती हैं और कुंडा प्रतापगढ़ के उप डाकघर में जमा रकम को सुपुर्द कर देती हैं और वह भी इस कार्य में उनकी मदद करते हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पूर्व में जब वह रकम जमा करने गए थे तो दोनों डाक अधिकारियों ने रकम जमा करने के बदले सुविधा शुल्क के नाम पर 25 और 26 नवंबर को 500 रुपये और 300 रुपये लिए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों ने प्रत्येक 20,000 रुपये जमा करने पर 100 रुपये देने या काम रोक देने को कहा। पैसे नहीं देने पर उनका काम रोकने और गड़बड़ी करने के लिए भी धमकाया था।


Download Android App
Download iOS App



