उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में सोमवार को उर्स में शामिल होने श्यामगंज से कालीबाड़ी से होते हुए जा रहे लोगों को रोकने पर उन्होंने जमकर हंगामा कर दिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने पथराव कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि आला हजरत दरगाह से जुड़े उर्स-ए-रजवी में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही पहुंचना शुरू हो गए थे। इस बीच, कुछ शरारती तत्व बैरिकेडिंग तोड़कर कालीबाड़ी मार्ग से जाने लगे, पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। उन्होंने बताया कि इससे बाजार में भगदड़ मच गई। पथराव कर रही भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। हालांकि इसमें कोई घायल नहीं हुआ है। हालात अब सामान्य हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बारादरी क्षेत्र स्थित श्यामगंज किराना बाजार चौराहा- कालीबाड़ी मार्ग पर पुलिस प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक बैरिकेडिंग लगाकर आवागमन बंद कर दिया था। इससे नाराज लोगों का कहना था कि वे हमेशा से इसी रास्ते से जाते हैं लेकिन बिना सूचना के बंद कर दिया है। इसको लेकर तकरार हो गई। बहरहाल, पुलिस इस मामले में आवश्यक कार्यवाही कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



