उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेना में युवाओं को भर्ती के लिये प्रेरित एवं प्रोत्साहित करने के मकसद से केंद्र सरकार द्वारा लागू की गयी अग्निपथ योजना के तहत भर्ती की अधिकतम उम्र सीमा को बढ़ाने के सरकार के फैसले का शुक्रवार को स्वागत किया है। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने विभिन्न राज्यों में इस योजना के विरोध में उठे स्वर को देखते हुए भर्ती की अधिकतम सीमा को 2 साल बढ़ाकर 23 वर्ष कर दिया है। सीएम योगी ने कहा कि सरकार के इस फैसले से असंख्य युवाओं में उम्मीद और उत्साह का संचार होगा।
CM योगी ने की उम्र सीमा को लेकर हुए संसोधन की सराहना
सीएम योगी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘आदरणीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में ‘अग्निपथ योजना-2022’ के लिए अधिकतम प्रवेश आयु को 21 वर्ष से बढ़ाकर 23 वर्ष करने का निर्णय अभिनंदनीय है। असंख्य युवाओं में आशा व उत्साह का संचार करती इस सौगात हेतु आपका हार्दिक आभार प्रधानमंत्री जी।’’ गौरतलब है कि योगी सरकार पहले ही घोषणा कर चुकी है कि अग्निपथ योजना के तहत भर्ती होने वाले ‘अग्निवीरों’ को उत्तर प्रदेश पुलिस एवं अन्य संबद्ध सेवाओं की भर्ती में प्राथमिकता दी जाएगी।
आदरणीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में ‘अग्निपथ योजना-2022’ के लिए अधिकतम प्रवेश आयु को 21 वर्ष से बढ़ाकर 23 वर्ष करने का निर्णय अभिनंदनीय है।
असंख्य युवाओं में आशा व उत्साह का संचार करती इस सौगात हेतु आपका हार्दिक आभार प्रधानमंत्री जी!
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 17, 2022
दूसरों के बहकावे में आकर इस योजना का विरोध न करें :CM योगी
योगी सरकार ने युवाओं से अपील की है कि वे दूसरों के बहकावे में आकर इस योजना का विरोध न करें। इससे पहले गुरुवार को भी योगी ने युवाओं से अपील की थी, ‘‘युवा साथियों, ‘अग्निपथ योजना’ आपके जीवन को नए आयाम प्रदान करने के साथ ही भविष्य को स्वर्णिम आधार देगी। आप किसी बहकावे में न आएं। मां भारती की सेवा हेतु संकल्पित हमारे ‘अग्निवीर’ राष्ट्र की अमूल्य निधि होंगे व यूपी सरकार अग्निवीरों को पुलिस व अन्य सेवाओं में वरीयता देगी। जय हिंद।’’
योगी ने अग्निवीरों को दिया रोजगार का आश्वासन
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा था, ‘‘मां भारती की सेवा के उपरांत अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश पुलिस एवं संबंधित अन्य सेवाओं में प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। युवाओं के उन्नयन एवं उनके सुरक्षित भविष्य के लिए भाजपा की डबल इंजन की सरकार सतत समर्पित व पूर्णत: प्रतिबद्ध है। जय हिंद।’’ योगी ने कहा, ‘‘आदरणीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में देश की सुरक्षा के सुदृढ़करण व युवाओं को मिलिट्री सर्विस का सुअवसर प्रदान करने हेतु ‘अग्निपथ योजना’ शुरू करने का निर्णय अत्यंत सराहनीय है। मां भारती की सेवा को उत्सुक देश के असंख्य युवाओं की ओर से आभार प्रधानमंत्री जी।’’


Download Android App
Download iOS App



