उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 1500 करोड़ की परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी ने दुनिया में अपनी नई पहचान बनाई है। वाराणसी के विकास की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की काशी देश और दुनिया के लिए विकास का नया मॉडल बन चुकी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ विकास योजनाओं के लोकार्पण कार्यक्रम के मंच से योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन और नेतृत्व में काशी नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 16 महीनों से देश कोरोना महामारी की चपेट में है, लेकिन इस मुश्किल दौर में जो नेतृत्व और मार्गदर्शन प्रधानमंत्री मोदी ने देश को दिया है, वह अद्भुत है।
वाराणसी में हुए विकास कार्यों और योजनाओं की चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि काशी के विकास के लिए प्रधानमंत्री सतत प्रयासरत हैं। उनके मार्गदर्शन में आज काशी को 1500 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की सौगात के लिए पूरे प्रदेश वासियों की ओर से धन्यवाद देता हूं।
उन्होंने कहा कि काशी में इंफ्रास्ट्रक्च र, शिक्षा, पेयजल समेत कई विकास योजनाओं का लोकार्पण आज प्रधानमंत्री के कर कमलों से हो रहा है। उन्होंने कहा कि अपनी राष्ट्रीय,अंतरराष्ट्रीय व्यस्तताओं के बावजूद पीएम मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र काशी के लिए बहुमूल्य समय निकाला इसके लिए उनका बार बार आभार प्रकट करता हूं।


Download Android App
Download iOS App



