NEET और JEE को लेकर हो रहे विरोध के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार इन परीक्षाओं के आयोजन का समर्थन करती है। बता दें कि जेईई (मेन) परीक्षा एक से छह सितंबर के बीच होगी, जबकि नीट परीक्षा 13 सितंबर को आयोजित कराई जाएंगी।
योगी ने यहां लोकभवन में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में कहा, ”प्रदेश सरकार नीट तथा जेईई परीक्षाओं के आयोजन का समर्थन करती है।” उन्होंने कहा, ”गत नौ अगस्त, 2020 को राज्य में बीएड की प्रवेश परीक्षा संपन्न हुई, जिसमें लगभग पांच लाख अभ्यर्थी थे। इस परीक्षा में कहीं से भी कोरोना संक्रमण की कोई खबर नहीं आई।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी प्रकार लोक सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश की परीक्षा भी संपन्न कराई गई है। नीट और जेईई के परीक्षा को टालने की मांग लगातार हो रही है और छात्रों की इस मांग का विपक्षी दलों का भी समर्थन मिला है। वहीं अब गैर बीजेपी शासित राज्यों के छह मंत्रियों ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। इस याचिका में सुप्रीम कोर्ट से केंद्र को इस साल नीट, जेईई परीक्षाएं कराने की अनुमति देने वाले उसके आदेश पर पुनर्विचार का अनुरोध किया।


Download Android App
Download iOS App



