हाथरस गैंगरेप पर बोली कांग्रेस, समय रहते कदम उठाती सरकार तो बच जाती मासूम की जान

Summary :

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि इस मामले में त्वरित न्याय सुनिश्चित होना चाहिए और शुरुआत में घटना को ‘आधिकारिक रूप से’ फर्जी खबर बताने के लिए बीजेपी सरकार को माफी मांगनी चाहिए।

उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई गैंगरेप की घटना योगी सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। वहीं कांग्रेस ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा, बीजेपी सरकार में राज्य ‘अपराध का गढ़’ बन गया और ऐसी घटनाओं के लिए प्रदेश सरकार की जवाबदेही बनती है। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने यह भी कहा कि इस मामले में त्वरित न्याय सुनिश्चित होना चाहिए और शुरुआत में घटना को ‘आधिकारिक रूप से’ फर्जी खबर बताने के लिए बीजेपी सरकार को माफी मांगनी चाहिए। 
सुप्रिया ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ यह घटना उत्तर प्रदेश की सरकार पर बहुत बड़ा कलंक है। इस घटना के सामने आने के बाद आठ दिनों तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया। जब मीडिया में खबरे आईं और दबाव बनने लगा तो मामला दर्ज किया गया। यही नहीं, इस घटना को आधिकारिक तौर पर फर्जी खबर बताया गया ताकि लीपापोती की जा सके।’’ उन्होंने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश सरकार समय रहते कदम उठाती तो लड़की की जान बच जाती। 
कांग्रेस प्रवक्ता ने सवाल किया, ‘‘ इस मामले में कदम उठाने में देरी क्यों की गई? आरोपियों के खिलाफ रासुका क्यों नहीं लगाया जा रहा है? क्या इससे बड़ा मामला भी हो सकता है? बुल्डोजर चलवाने के शौकीन योगी जी इन आरोपियों के मकानों पर बुल्डोजर क्यों नहीं चलवाते हैं?’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘उत्तर प्रदेश में निरंतर इस तरह की घटनाएं हो रही है। गोरखपुर, शाहजहांपुर, बाराबंकी तथा कई अन्य जिलों में ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, इसीलिए ऐसी जघन्य घटनाएं हो रही हैं।’’ 
सुप्रिया ने आरोप लगाया, ‘‘एनसीआरबी के आंकड़ों के मुताबिक उत्तर प्रदेश देश की रेप कैपिटल बन गया है। दुखद बात है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बजाय राजनीतिक संरक्षण मिलता है।’’ उन्होंने यह सवाल भी किया, ‘‘ प्रधानमंत्री जी इस घटना पर चुप क्यों हैं? पहले के प्रधानमंत्री को चूड़ियां भेजने वाली महिला नेता खामोश क्यों हैं?’’ सुप्रिया ने कहा, ‘‘योगी आदित्यनाथ सरकार को इसका जवाब देना होगा। 
मुख्यमंत्री जी पहले अपराध मुक्त उत्तर प्रदेश की बात करते थे, लेकिन राज्य को अपराध का गढ़ बना दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘ इस मामले में जल्द न्याय मिलना चाहिए। आरोपियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। पीड़िता का परिवार एक वंचित वर्ग से ताल्लुक रखता है, इसलिए उसे सहायता मिलनी चाहिए। घटना को आधिकारिक रूप से फर्जी खबर बताने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार को माफी मांगनी चाहिए।’’ 
हाथरस जिले के चंदपा थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में 14 सितंबर को 19 साल की एक दलित लड़की के साथ कथित तौर पर गैंगरेप की वारदात हुई थी। दो हफ्तों तक जिंदगी और मौत के बीच झूलती रही गैंगरेप पीड़िता ने मंगलवार को हार मान ली। 14 सितंबर को हुई इस हैवानियत के बाद आरोपियों ने पीड़िता पर जानलेवा हमला किया गया था। दरिंदो ने पीड़िता  की जीभ काटकर रीढ़ की हड्डी तोड़ दी थी। दो हफ्ते तक दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उसका इलाज़ चला, लेकिन उसकी मौत हो गई। 

Desk Team