उत्तर प्रदेश के हरदोई में ट्रेन को पटरी से उतारने की साजिश, दो संदिग्ध हिरासत में

Summary :

ट्रेन पटरी से उतारने की साजिश का पर्दाफाश, हरदोई में दो युवक हिरासत में

उत्तर प्रदेश के हरदोई में शनिवार को एक बार फिर दो अराजक तत्वों की खौफनाक साजिश का खुलासा हुआ। दोनों आरोपी ट्रेन को पटरी से उतारने की साजिश कर रहे थे। उन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हरदोई के सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि शनिवार को आरपीएफ ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी कि हरदोई और कौढ़ा रेलवे स्टेशनों के मध्य दो युवकों द्वारा एक पत्थर और नट-बोल्ट को उठाकर ट्रैक पर रखा जा रहा है। आरपीएफ ने दो संदिग्धों को पकड़कर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस द्वारा गहनता से पूछताछ की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जांच के उपरांत जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। दोनों युवकों से पूछताछ में साजिश से जुड़ी अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस साजिश में कोई अन्य शामिल है या नहीं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दो व्यक्ति लोहे के बोल्ट और पत्थर को रेल ट्रैक पर रखकर ट्रेन को डिरेल करने की साजिश कर रहे थे। उसी समय लोको पायलट ने अचानक ट्रेन रोक दी और घटना की जानकारी रेलवे के गेट मैन को दी। जानकारी होते ही ट्रेन मैनेजर ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल दो संदिग्धों को पकड़ लिया और ट्रेन में बैठा लिया। रेलवे सुरक्षा बल हरदोई ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्धों को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.