गौतमबुद्ध नगर में नोएडा के पास एक ग्रुप हाउसिंग सोसायटी में ‘कुछ बाहरी लोगों’ द्वारा नमाज अदा करने को लेकर हिंदू और मुस्लिम समुदाय के बीच विवाद उत्पन्न हो गया जिसके कारण मंगलवार को ऐहतियात के तौर पर पुलिस को सोसायटी में तैनात करना पड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह घटना सोमवार रात साढ़े आठ बजे की है जब थाना बिसरख क्षेत्र के सुपरटेक इको विलेज- 2 सोसायटी की कॉमर्शियल मार्केट की तीसरी मंजिल पर कुछ लोग नमाज पढ़ रहे थे जिसका वहां रहने वाले लोगों ने विरोध किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करवाया। उन्होंने बताया कि सोसायटी के कामर्शियल मार्केट के ऊपर तीसरी मंजिल पर खाली पड़े एक बंद कमरे में 30- 40 मुस्लिम समुदाय के लोग नमाज अदा कर रहे थे।
लेकिन हिंदू समुदाय के लोगों ने इसका विरोध किया। उनका कहना है कि हमें यहां रह रहे हैं मुस्लिम समाज के लोगों के नमाज पढ़ने पर आपत्ति नहीं है, लेकिन यहां पर नमाज पढ़ने के लिए बाहर से लोग आ रहे हैं। इस बात की आपत्ति है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई की सोसायटी में नमाज नहीं पढ़ी जाएगी। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मध्य नोएडा) राजीव दीक्षित ने कहा कि घटना के मद्देनजर एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



