योगी सरकार ने बढ़ाई और रियायतें, 5 जुलाई से UP में खुलेंगे मल्टीप्लेक्स, सिनेमा हॉल और जिम

Summary :

उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में कोरोना पाबंदियों में और ढील देने का फैसला किया है, जिसके तहत 5 जुलाई से मल्टीप्लेक्स, सिनेमा हॉल और जिम को खोल दिया जाएगा।

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर पर ब्रेक लगने के बाद अर्थव्यवस्था को स्पीड देने की कवायद शुरू हो गयी है। इसी चरण में उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में कोरोना पाबंदियों में और ढील देने का फैसला किया है, जिसके तहत 5 जुलाई से मल्टीप्लेक्स, सिनेमा हॉल और जिम को खोल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कोविड-19 प्रबंधन के लिए गठित टीम-09 की बैठक में ये फैसला लिया। 
प्रदेश में घट रहे कोरोना संक्रमण के प्रतिशत को देखते हुए सरकार ने फैसला किया है कि पांच जुलाई से राज्य में 50 प्रतिशत क्षमता के साथ सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, स्टेडियम और जिम खोलने की अनुमति होगी। हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाए। कहीं भी नियमों का उल्लंघन होता है तो जिम्मेदारों पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी मुकुल गोयल ने उप्र के पुलिस महानिदेशक का कार्यभार संभाला

राज्य में हर दिन ढाई लाख से अधिक कोविड टेस्ट किए जा रहे हैं, जबकि पॉजिटिविटी दर एक फीसदी से भी कम हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 02 लाख 70 हजार 723 कोविड टेस्ट किए गए, इसी अवधि में संक्रमण के 133 नए मामले आये हैं, जबकि 228 मरीज उपचारित होकर स्वस्थ हुए हैं। 
प्रदेश में अब तक 05 करोड़ 83 लाख 82 हजार से अधिक टेस्ट हो चुके हैं। अब तक 16 लाख 81 हजार 208 लोग कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के प्रयासों के क्रम में गांवों, छोटे कस्बों और महानगरीय क्षेत्रों ‘हेल्थ एटीएम’ की स्थापना पर विचार किया जाए। 
इन अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से लोग बॉडी मास इंडेक्स, ब्लड प्रेशर, मेटाबॉलिक ऐज, बॉडी फैट, हाईड्रेशन, पल्स रेट, हाइट, मसल मास, शरीर का तापमान, शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा, वजन सहित कई पैरामीटर की जांच कर सकते हैं। इसके संचालन के लिए तकनीशियनों को प्रशिक्षित किया जाए। इस संबंध में यथाशीघ, विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। 
उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को बहुत जल्द पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उपहार मिलने जा रहा है। जुलाई, 2018 में इसकी आधारशिला रखी गई थी और अब इसके निर्माण की प्रक्रिया लगभग पूर्ण हो गई है। एक्सप्रेस-वे के किनारे औद्योगिक क्लस्टर के विकास की कार्ययोजना भी तैयार की जाए।

Desk Team