डांसर सपना चौधरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं, लखनऊ की एक अदालत ने उनके एक कार्यक्रम को कथित रूप से रद्द करने और टिकट धारकों को पैसे नहीं लौटाने के आरोप में फेमस डांसर सपना चौधरी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शांतनु त्यागी ने बुधवार को चौधरी के खिलाफ वारंट जारी करते हुए पुलिस को 22 नवंबर तक इस पर अमल करने को कहा, जो मामले की सुनवाई की अगली तारीख है।
लगातार बढ़ रही सपना चौधरी की मुश्किलें, जारी हुआ गिरफ्तारी वारंट
अदालत उस मामले में सपना के खिलाफ आरोप तय करेगी जिसके लिए आरोपी की उपस्थिति आवश्यक है। सपना चौधरी ने पहले भी अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को रद्द करने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था लेकिन उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया गया था। सपना चौधरी के खिलाफ 14 अक्टूबर, 2018 को आशियाना पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
FIR में सपना के अलावा कार्यक्रम के आयोजकों के नाम भी शामिल
13 अक्टूबर को लखनऊ के स्मृति उपवन में डांस शो के लिए कथित रूप से कैंसिल होने के बाद से ही सपना के लिए मुसीबतें बढ़ी हुई हैं। इस एफआईआर में डांसर के अलावा कार्यक्रम के आयोजकों जुनैद अहमद, नवीन शर्मा, इबाद अली, अमित पांडे और रत्नाकर उपाध्याय का भी नाम है।
शो रद्द करने के बाद नहीं लौटाया लोगों का पैसा
कार्यक्रम का टिकट ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से 300 रुपये की कीमत पर बेचा गया था। कार्यक्रम देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे लेकिन जब चौधरी रात 10 बजे तक नहीं पहुंची तो भीड़ ने मौके पर हंगामा कर दिया। लोगों का पैसा भी उन्हें वापस नहीं किया गया।


Download Android App
Download iOS App



