सिर्फ BJP में अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करने की हिम्मत, नड्डा बोले- जो कहते हैं वो डंके की चोट पर करते भी हैं

Summary :

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को कहा कि भाजपा देश का ऐसा इकलौता दल है जो अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने पेश करने की हिम्मत रखता है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को कहा कि भाजपा देश का ऐसा इकलौता दल है जो अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने पेश करने की हिम्मत रखता है। मछलीशहर (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी मेहीलाल गौतम के समर्थन में खोइरी खरगा बाबा धाम के बाग में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुये जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश के विकास में भाजपा ने विशेष भूमिका अदा की है। अपने किए कामों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखने की ताकत किसी और पार्टी में नहीं है। यह हिम्मत सिर्फ और सिर्फ भाजपा में है क्योंकि हमने जो कहा वो किया और जो कहेंगे वो डंके की चोट पर करेंगे।
UP को परिवारवाद से दिलाना है छुटकारा तो BJP का बटन दबाना 
भाजपा प्रत्याशी मेहीलाल गौतम के समर्थन में वोट की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से परिवारवाद, जातिवाद, तुष्टिकरण,माफियाराज, गुण्डाराज, आतंकवादियों को अगर समाप्त करना है और कानून का राज जारी रखना है तो अखिलेश को घर पर बैठाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि 26 अप्रैल 2012 को मुख्यमंत्री रहते अखिलेश यादव ने खालिद मुजाहिद और एक और आतंकवादी का केस वापस लिया था मगर हाई कोर्ट ने उस केस को वापस नहीं होने दिया।
SP ने राम भक्तों पर भी चलवाईं गोलियां  
उन्होंने कहा ‘‘जब हम राम जन्मभूमि की लड़ाई लड़ रहे थे, तब सपा सरकार ने राम भक्तों पर गोलियां चलाई थीं लेकिन हम तब भी खड़े थे कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन रहा है। ये आपके वोट की ही ताकत है। हम सिर्फ किसी को विधायक, किसी को मुख्यमंत्री बनाने नहीं आए हैं। हम मंत्री, मुख्यमंत्री और विधायक इसलिए बनाने आए हैं कि उत्तर प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदलनी है और उत्तर प्रदेश में गरीब, वंचित, पीड़ति, शोषित, किसान, अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मजबूती पहुंचानी है।’’ 
चांदी की चम्मच के साथ पैदा हुए है अखिलेश :नड्डा 
जेपी नड्डा ने कहा कि जौनपुर में बन रहे मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिद्धार्थ नगर में  किया था वह अब चालू हो गया है, उसमें एमबीबीएस के छात्रों की प्रथम वर्ष की पढ़ाई आज 28 फरवरी से शुरू हो गई है। उन्होंने जनता से संवाद करते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री ने गरीबों के लिए जनधन खाते खोले तब विपक्षी मजाक बना रहे थे। चांदी की चम्मच के साथ पैदा हुए अखिलेश को गरीब के बैंक खाते से क्या मतलब। आज इसी जनधन खाते में पेंशन, आवास, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना जैसी तमाम योजनाओं के पूरे के पूरे पैसे सीधे आपके खाते में आ रहा हैं।
कोरोना काल में मोदी और BJP ने रखा जनता का ध्यान 
उन्होने कहा कि सौ वर्ष पहले जब माहामारी आई थी तब बीमारी से ज्यादा भूख से लोग मरे थे, लेकिन कोरोना जैसी भयंकर महामारी के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के डबल इंजन की सरकार ने डबल राशन और मुफ्त वैक्सीन देकर जनता को डबल सुरक्षा दी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और गठबंधन की सरकार ने गांव, गरीब, किसान, वंचित, पीड़ति, शोषित, युवा, महिला सबको ताकत देने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि देश में 2 करोड़ 36 लाख प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाए गए जिसमें से 88 हजार मकान मछली शहर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए बनाए गए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए महिला सशक्तिकरण के तहत इन मकानों की मालकिन घर की महिलाओं को ही बनाया है। अंत में उन्होंने जौनपुर जिले के भाजपा के सभी प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने की अपील की और आने वाले सात मार्च को कमल के निशान पर बटन दबाने की भी अपील की।

Desk Team