समाजवादी पार्टी के नेता आज़म खान की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आजम खान की पत्नी और बेटे को धन शोधन के एक मामले में पूछताछ के लिए तलब किया है। ईडी आजम खान के खिलाफ मामले की जांच के सिलसिले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत तजीन फातिमा और अब्दुल्ला आजम खान के बयान दर्ज करना चाहती है।
आजम खान की पत्नी तज़ीन और बेटे अब्दुल्ला खान को इस सप्ताह लखनऊ में ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय के समक्ष अलग से पेश होने के लिए कहा गया है। खान के बेटे उत्तर प्रदेश विधानसभा में स्वार विधानसभा सीट से विधायक हैं। आजम खान जब सीतापुर जेल में बंद थे तब मामले में एजेंसी ने उनसे पूछताछ की थी।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने की पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरुआत
फिलहाल वह जमानत पर बाहर हैं। कथित जालसाजी मामले में 27 महीने बाद सुप्रीम कोर्ट से उन्हें अंतरिम जमानत मिलने पर मई में जेल से रिहा किया गया। एजेंसी ने राज्य पुलिस द्वारा खान के खिलाफ दर्ज कम से कम 26 प्राथमिकी का संज्ञान लेने के बाद 2019 में जांच शुरू की। आरोप है कि उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में जिस जमीन पर उनका विश्वविद्यालय है वह जमीन ‘शत्रु संपत्ति’ से हड़पी गई है।
खान मौलाना मुहम्मद अली जौहर ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं जो रामपुर पब्लिक स्कूल की तीन शाखाएं चलाता है। वह इससे पहले उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा सरकार में शहरी विकास मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



