उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रत्याशियों में से सबसे धनी उम्मीदवार के पास 148 करोड़ रुपये की संपत्ति है जबकि दो उम्मीदवारों ने अपने पास शून्य संपत्ति होने की घोषणा की है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफार्म (एडीआर) की रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई।
शून्य संपत्ति की घोषणा करने वाले उम्मीदवारों को छोड़ दें तो दो प्रत्याशियों ने लगभग एक-एक हजार रुपये की संपत्ति की घोषणा की है और एक प्रत्याशी के पास दस हजार रुपये हैं। उम्मीदवारों की ओर से दायर हलफनामे पर आधारित रिपोर्ट में कहा गया कि पहले चरण के चुनाव में प्रति उम्मीदवार औसतन 3.72 करोड़ रुपये की संपत्ति की घोषणा की गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, समाजवादी पार्टी के 28 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 13.23 करोड़ रुपये है। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के 57 उम्मीदवारों के पास औसत 12.01 करोड़ रुपये की संपत्ति है। रालोद के 29 प्रत्याशियों के पास औसत 8.32 करोड़ रुपये और बसपा के 56 प्रत्याशियों के पास औसत 7.71 करोड़ रुपये हैं।
भाजपा के अमित अग्रवाल सबसे ज्यादा दौलतमंद प्रत्याशी
कांग्रेस के 58 उम्मीदवारों ने औसत 3.08 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है और आम आदमी पार्टी के 52 प्रत्याशियों ने 1.23 करोड़ रुपये की। भाजपा के अमित अग्रवाल (मथुरा कैंटोनमेंट) ने 148 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति होने की घोषणा की है। बहुजन मुक्ति पार्टी के कैलाश कुमार ने और राष्ट्रीय निर्माण पार्टी की कुमारी प्रीति ने शून्य संपत्ति होने की घोषणा की है।


Download Android App
Download iOS App



