उत्तर प्रदेश : भदोही में दुर्गा पंडाल में लगी आग, 2 बच्चों और एक महिला की मौत

Summary :

वीडियो में पूजा पंडाल की झांकी में नाटक का मंचन किया जा रहा। कई महिलाएं अपने बच्चों को कंधों पर बैठाकर झांकी दिखा रही हैं। इस बीच झांकी के दाहिने तरफ से आग की लपटें दिखनी शुरू होती हैं। आग दिखते ही लोगों के बीच चीख पुकार मच जाती है।

उत्तर प्रदेश के भदोही में बीती रात दर्दनाक हादसा हुआ है। औराई कस्बे में  एक दुर्गा पंडाल में अचानक आग लगने से 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालो में 12 और 10 साल के 2 लड़के और 45 साल की एक महिला शामिल है। वहीं 64 लोग बुरी तरह से झुलसे हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है।
रविवार रात को हुए इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में पूजा पंडाल की झांकी में नाटक का मंचन किया जा रहा। कई महिलाएं अपने बच्चों को कंधों पर बैठाकर झांकी दिखा रही हैं। इस बीच झांकी के दाहिने तरफ से आग की लपटें दिखनी शुरू होती हैं। आग दिखते ही लोगों के बीच चीख पुकार मच जाती है।


भदोही के DM गौरांग राठी ने कहा कि भदोही में दुर्गा पूजा पंडाल में आग लगने के मामले में मरने वालों की संख्या 3 हो गई है। इसमें 12 साल के लड़के, 10 साल के लड़के और 45 साल की महिला की मृत्यु हुई है।  उन्होंने कहा कि हमारे पास 52 लोगों के आग में झुलसने की पुष्ट खबर है। इसमें लगभग 35 लोगों को वाराणसी और 25 लोगों को BHU रेफर किया गया है। बाकी लोगों का भदोही में इलाज जारी है। 

उन्होंने कहा कि हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में नजर आ रहा है कि पूजा पंडाल की झांकी में नाटक का मंचन किया जा रहा है। पंडाल में काफी भीड़ है। इस हादसे में जिन तीन लोगों की मौत हुई है। उनमें जेठूपुर का 10 साल का नवीन, 12 साल का अंकुश और पुरुषोत्तमपुर गांव की 45 साल की जया देवी शामिल हैं। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हुए हैं, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि इसकी वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है।

Desk Team