बलरामपुर : दिल्ली में पिछले सप्ताह गिरफ्तार संदिग्ध आईएसआईएस आतंकी अबू यूसुफ उर्फ मुस्तकीम की गतिविधियों की जानकारी स्थानीय स्तर पर एकत्र करने में नाकाम रहने पर पांच पुलिसकर्मियों को शुक्रवार को निलंबित कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा ने बताया कि आतंकी गतिविधियों मे गिरफ्तार उतरौला कोतवाली के बढया भैसाही गांव निवासी मुस्तकीम के बारे में जानकारी हासिल करने में असफल रहने वाले स्थानीय कोतवाली के तत्कालीन निरीक्षक अनिल यादव, उपनिरीक्षक शशिभूषण पांडे, बीट आरक्षी कांस्टेबल रमेश कुमार, पंकज कुमार और खुफिया इकाई (एलआईयू) के बीट प्रभारी अनिल यादव को निलंबित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि उच्चस्तरीय जांच की अंतरिम आख्या के आधार पर प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने के बाद इन पुलिसकर्मियों के निलंबन की कार्यवाही की गई है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि 21 अगस्त को दिल्ली के धौलाकुआं थाना क्षेत्र में पुलिस ने बढया भैसाही गाँव निवासी अबू यूसुफ उर्फ मुस्तकीम को दो प्रेशर कुकर आईईडी के साथ गिरफ्तार किया गया था। दिल्ली पुलिस और गुप्तचर ब्यूरो ने आतंकी के घर से तलाशी के दौरान विस्फोटक पदार्थ, फिदाईन जैकेट आदि घातक सामग्री बरामद की थी।
उन्होंने कहा कि उक्त पुलिसकर्मियों द्वारा कोई भी खुफिया सूचना नहीं जुटाई गई और न ही कोई कार्यवाही की गई जिससे स्पष्ट होता है कि घोर लापरवाही बरती गई। आतंकी की गिरफ्तारी के बाद उच्चस्तरीय जाँच के दौरान इन पुलिसकर्मियों को प्रथम दृष्टया दोषी पाते हुए निलंबित किया गया है। वर्मा ने बताया उक्त पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच जारी है।


Download Android App
Download iOS App



