उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले में एक दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गयी। शेरगढ़ क्षेत्र में एक कार पुलिया से टकरा कर नहर में गिर गई। इस घटना में दो सगे भाइयों सहित चार लोगों की मौत हो गई तथा एक महिला समेत चार अन्य घायल हो गए।
शेरगढ़ थाना प्रभारी अनुज मलिक ने बताया कि शुक्रवार रात को आठ लोग कार से पलवल (हरियाणा) के गांव हसनपुर जा रहे थे। वे सभी बदायूं जिले के उझानी से भात लेकर लौट रहे थे। शेरगढ़ क्षेत्र में पैंगाव के पास उनकी गाड़ी पुलिया से टकरा गई और अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी।
उन्होंने बताया कि हादसे में दो सगे भाइयों कुंवर पाल व ऋषि और मोहन श्याम तथा लक्ष्मी नारायण की मौके पर ही मौत हो गई। अंशु, भीम, पलक व हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने घायलों को कोसीकलां के एक अस्पताल में भर्ती कराया है तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।


Download Android App
Download iOS App



