यूपी में संक्रमण से 40 और मरीजों ने तोड़ा दम, 173 नए मामले की हुई पुष्टि

Summary :

देशभर में कोरोना का कहर कम हो गया है। इस बीच उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 173 नये मामले सामने की पुष्टि हुई है। वही 40 मरीजों की मौत हो गयी है।

देशभर में कोरोना का कहर कम हो गया है। इस बीच उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 173 नये मामले सामने की पुष्टि हुई है। वही 40 मरीजों की मौत हो गयी है। स्वास्थ्य विभाग ने बुलेटिन जारी कर इसकी जानकारी दी।
बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 40 और मरीजों की मौत होने के बाद अब तक कुल 22,443 कोरोना संक्रमितों ने अपनी जान गंवा दी है जबकि इसी अवधि में 173 नये मामले सामने आने के बाद अब तक कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 17,05,384 हो गया है।
इसके अनुसार राज्‍य में मौजूदा समय में 3,197 संक्रमित उपचाराधीन हैं जिनका पृथक-वास, निजी और सरकारी अस्पतालों में उपचार चल रहा है। इसमें कहा गया है कि राज्य में पिछले 24 घंटे में 328 मरीज ठीक हुये हैं और अब तक 16,79,744 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।
बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य के गौतमबुद्ध नगर जिले में 14 और लखनऊ में 11 नए मरीज मिले । इसके बाद सभी जिलों में नये मिलने वाले मरीजों की संख्या इकाई में हो गई है और गाजीपुर, उन्नाव, आजमगढ़, सुलतानपुर, मऊ और पीलीभीत जैसे जिलों में एक भी नये मरीज नहीं मिले हैं।
पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण से सर्वाधिक प्रयागराज में 11 और लखनऊ में 10 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार शुक्रवार को राज्य में कोरोना के कुल 2.66 लाख से ज्यादा नमूनों की जांच की गई जबकि अब तक 5.68 करोड़ से ज्यादा नमूनों की जांच की जा चुकी है।

Desk Team