उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ, मेरठ, वाराणसी, कानपुर नगर, झांसी, गाजियाबाद तथा गोरखपुर जनपदों में कोविड-19 के बिस्तरों की संख्या बढ़ाने के आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री मंगलवार को यहां एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव व उपचार की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक कोविड-19 की कोई कारगर दवा अथवा टीका उपलब्ध नहीं हो जाता तब तक सतर्कता ही बचाव है।
उन्होंने कहा कि टीम-11 द्वारा पूरे समन्वय के साथ बेहतर परिणाम दिए गए हैं। कार्य की गति को आगे भी इसी प्रकार जारी रखा जाए। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना वैक्सीन ‘कोल्ड चेन’ (नियत तापमान पर रखने की व्यवस्था) को पल्स पोलियो वैक्सीन के लिए बनाई गई कोल्ड चेन की तर्ज पर तैयार किया जाए, साथ ही, कोराना वैक्सीन के लिए स्थापित किए जा रहे भंडारण केंद्रों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।


Download Android App
Download iOS App



