Kanpur news : उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के सचेंडी थाना क्षेत्र के कैधा नयापुरवा गांव में बारिश के बीच सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। लगातार हो रही बारिश के कारण एक कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के ऊपर बने छप्पर के नीचे सो रहे एक ही परिवार के आठ लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और सभी को मलबे से बाहर निकाला।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में लगातार बारिश हो रही थी। सोमवार तड़के करीब तीन बजे मुन्ना सिंह के घर की दीवार अचानक गिर गई। दीवार के साथ लगा छप्पर भी नीचे आ गया। उस समय छप्पर के नीचे मुन्ना सिंह, उनकी पत्नी रमाकांती, बेटे दीपक, शुभम और रौनक, बेटियां अंजली, रिंकी और पिंकी सो रही थीं। हादसे में सभी आठ लोग मलबे के नीचे दब गए। पड़ोसियों ने बताया कि मुन्ना सिंह का मकान कच्चा बना हुआ था। दीवार गिरने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अन्य ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने मलबा हटाकर सभी को अस्पताल पहुंचाया
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी आठ लोगों को मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को तत्काल कल्याणपुर सीएचसी पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने मुन्ना सिंह, उनकी पत्नी रमाकांती, बेटी अंजली और बेटे शुभम की हालत गंभीर बताई। चारों को बेहतर इलाज के लिए एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, परिवार के बाकी चार सदस्यों को भी चोटें आई हैं। उनकी हालत गंभीर नहीं बताई गई है और उनका इलाज कराया गया।
SHO ने दी घटना की जानकारी
थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया था। स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाकर सभी आठ लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि चार लोगों की हालत गंभीर है और उनका इलाज जारी है। फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य है।
अधिकारियों ने बारिश के दौरान लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। साथ ही लोगों को जर्जर और कच्चे मकानों से दूर रहने की सलाह दी गई है, ताकि बारिश के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।


Download Android App
Download iOS App



