लखीमपुर : मारपीट के बाद पूर्व विधायक की मौत, कांग्रेस और अखिलेश ने योगी सरकार पर किया हमला

Summary :

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट के बाद पूर्व विधायक निरवेन्द्र मिश्रा की रविवार को मौत हो गई।

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट के बाद पूर्व विधायक निरवेन्द्र मिश्रा की रविवार को मौत हो गई। इसको लेकर अब राज्य की कानून व्यवस्था पर प्रदेश कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सवाल खड़े करते हुए योगी सरकार पर हमला किया है।
कांग्रेस ने ट्वीट करते हुए लिखा, लखीमपुर में पूर्व विधायकनिर्वेंद्र मिश्रा जी की हत्या कर दी गई। यूपी का जंगलराज भयावह हो रहा है। योगी सरकार सो रही है। एक अन्य ट्वीट में लिखा, यूपी में गृह विभाग का जिम्मेदार कौन है? लखीमपुर में पूर्व विधायक की हत्या हो गई। 22 दिनों में रेप और हत्या की चार घटनाएं हो गईं। कौन सी घुट्टी लेकर सो रहा है गृह विभाग कि ये जंगलराज दिख ही नहीं रहा है?


अखिलेश यादव ने घटना की निंदा करते हुए लिखा, पुलिस की उपस्थिति में आज दिनदहाड़े लखीमपुर में तीन बार के विधायक रहे  निर्वेन्द्र मुन्ना जी की निर्मम हत्या व उनके पुत्र पर हुए कातिलाना हमले से प्रदेश हिल गया है। श्रद्धांजलि! बीजेपी राज में प्रदेश की जनता कानून-व्यवस्था के विषय पर चिंतित ही नहीं, भयभीत भी है। निंदनीय!


दरअसल, सम्पूर्णानगर थाने के त्रिकोलिया पढुआ गांव निवासी पूर्व विधायक निरवेन्द्र मिश्रा का राधेश्याम गुप्ता तथा समीर गुप्ता नामक व्यक्तियों से गांव में जमीन को लेकर विवाद था। रविवार को राधेश्याम अपने कुछ साथियों के साथ उस विवादित जमीन को जोतने आया था। सूचना मिलने पर पूर्व विधायक अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे जहां दोनों पक्षों में मारपीट हुई। 

सूत्रों ने बताया कि इस दौरान निरवेन्द्र मिश्रा की तबियत खराब हो गई। उन्हें पलिया स्थित एक अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मिश्रा तत्कालीन निघासन सीट से दो बार निर्दलीय तथा एक बार सपा के विधायक रह चुके थे। 

Desk Team