लखीमपुर खीरी : कांग्रेस-AAP ने शेयर किया किसानों को रौंदने वाला दर्दनाक Video

Summary :

लखीमपुर खीरी घटना को लेकर कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा और यूपी सरकार पर हमलावर है। इस बीच कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने किसानों को सड़क पर रौंदने वाला भयावह वीडियो जारी किया।

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में बीते रविवार को हुई घटना पर सियासी बवाल जारी है। घटना को लेकर कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा और यूपी सरकार पर हमलावर है। इस बीच कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने किसानों को सड़क पर रौंदने वाला भयावह वीडियो जारी किया। वीडियो को शेयर करते हुए कांग्रेस और आप दोनों ने योगी सरकार पर निशाना साधा।
कांग्रेस ने अपने अधिकारी ट्विटर अकॉउंट से वीडियो जारी करते हुए दावा किया है कि ये वीडियो लखीमपुर खीरी घटना का है, जिसमें एक कार किसानों को रौंदते हुए जा रही है। वीडियो को रीट्वीट करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने लिखा, “किसानों को पीछे से गाड़ी तले कुचलने वाले दिल दहलाने वाले वीडियो के 36 घंटे बाद भी देश के गृह राज्य मंत्री को न बर्खास्त कर और न हत्या का मुक़दमा दर्ज कर मोदी जी ने साबित कर दिया है कि वो लखनऊ में प्रजातंत्र के बर्बादी महोत्सव में शरीक होने जा रहे हैं।”


आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी वीडियो शेयर करते हुए लिखा, किसानो की हत्यारी गाड़ियों की रफ़्तार देखिये आदित्यनाथ जी आपके राज में किसानों की निर्मम हत्त्या करने वाले गिरफ़्तार कब होंगे? पिछले 30 घंटे से आपने मुझे मेरे साथियों के साथ पुलिस हिरासत में रखा है। लेकिन हत्त्यारे खुलेआम घूम रहे हैं। क्या यही आपके न्याय का सिद्धांत है?


कांग्रेस और आप द्वारा जारी वीडियो में एक गाड़ी किसानों को रोंदते हुए तेजी से आगे बढ़ रही है, हालांकि गाड़ी कौन चला रहा है, वीडियो में इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। दरअसल, रविवार को लखीमपुर खीरी में हुए बवाल में चार किसानों समेत आठ की मौत हो गई। घटना को लेकर केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष पर किसानों पर गाड़ी चढ़ाए जाने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद विपक्षी दलों के नेताओं ने लखीमपुर खीरी पहुंचने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।

Desk Team