CM योगी ने उत्तर प्रदेश में भूमि विवाद को बताया अपराध की बड़ी वजह

Summary :

सीएम योगी ने कहा कि आय,जाति और अन्य घरेलू प्रमाणपत्र के आनलाइन तैयार होने से लेखपालों की जिम्मेदारी और भी बढ जाती है। लैपटाप उनके इस काज में मदद करेगा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूमि विवाद को अपराध की बड़ी वजह बताते हुए ऐसे मामलों के जल्द निपटारे का आवाहन किया। लेखपालों को लैपटाप वितरित किये जाने के एक कार्यक्रम के अवसर पर सीएम योगी ने बुधवार को कहा कि मतदाता सूची में 25 से 30 प्रतिशत नाम फर्जी है जिन्हे जल्द ही हटाये जाने की जरूरत है। 
उन्होने कहा ‘‘ भूमि संबधित विवाद का समय से निस्तारण कई अपराधों को घटित होने से रोक सकता है। परिवार में अथवा बाहरी व्यक्तियों के बीच जमीन को लेकर विवाद के समाधान में देरी अपराधिक गतिविधियों को बढावा देती है। ’’ योगी ने कहा कि लैपटाप मिलने से लेखपालों की कार्यक्षमता में इजाफा होगा और वे तेजी से अपने दायित्व को अंजाम देंगे। 
लेखपालों को रिपोर्ट के लिये अपने कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़गे और वे जरूरी दस्तावेजों को भी जिला प्रशासन को भेज सकेंगे। इससे उनकी कार्यक्षमता बढ़गी। सीएम योगी ने कहा कि आय, जाति और अन्य घरेलू प्रमाणपत्र के आनलाइन तैयार होने से लेखपालों की जिम्मेदारी और भी बढ जाती है। लैपटाप उनके इस काज में मदद करेगा। 
उन्होने कहा कि मतदाता सूची से फर्जी मतदाताओं के नाम जल्द हटना चाहिए। इस काम में लेखपाल बडी मदद कर सकते हैं। उन्होने कहा ‘‘ मतदाता सूची में करीब 25 से 30 प्रतिशत नाम फर्जी हैं जबकि कई ऐसे मतदाता भी है जिनके नाम मतदाता सूची में अब तक दर्ज नहीं हो सके हैं।’’
योगी ने कहा कि स्मार्ट फोन के बाद लेखपालों को लैपटाप से लैस करने के पीछे सरकार की मंशा उनकी कार्यक्षमता में इजाफा करना है। मुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान लखनऊ के 21 लेखपालों को सांकेतिक रूप से लैपटाप वितरित किए।

Desk Team