चक्रवर्ती तूफान ‘अम्फान’ को लेकर कई राज्यों ने जारी किया अलर्ट, उत्तर प्रदेश में कोई असर नहीं

Summary :

तूफान को लेकर कई राज्यों ने अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तर प्रदेश के किसी भी जिलें में इसका कोई असर नहीं रहने वाला है। इसको लेकर मौसम विभाग ने ताजा अनुमान जारी किया गया है।

चक्रवात ‘अम्फान’ बुधवार सुबह पश्चिम बंगाल के दीघा से करीब 240 किलोमीटर दक्षिण में अत्यधिक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में केंद्रित है। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि तूफान के केंद्र के निकट हवाओं की गति लगातार 170 से 180 किलोमीटर प्रति घंटा बनी रही जिसने बीच-बीच में 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ी। इस बीच तूफान को लेकर कई राज्यों ने अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तर प्रदेश के किसी भी जिलें में इसका कोई असर नहीं रहने वाला है। इसको लेकर मौसम विभाग ने ताजा अनुमान जारी किया गया है। 
मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने  बताया, ” ‘अम्फान’ का असर उप्र में नहीं रहेगा। इस तूफान के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश में बादल आने की संभावना है। तापमान में मामूली फेरबदल हो सकता है। एक दो दिन पहले पूर्वी यूपी में कुछ प्रभाव दिखने में लग रहा था। लेकिन ताजा अनुमान के मुताबिक अब इसका कोई प्रभाव देखने को नहीं मिलेगा। सिर्फ एक-दो जिलों में बादलों की आवाजाही हो सकती हैं, लेकिन बारिश और आंधी की कोई संभावना नहीं है।” जेपी गुप्ता ने यह भी बताया कि तापमान में भी कोई खासा फर्क नहीं दिखाई देगा, बल्कि प्रदेश के सभी हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी ही देखने को मिलेगी। 
उत्तर प्रदेश में लू के हल्के थपेड़े देखने को मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री, कानपुर 21.8 गोरखपुर 25.,बहराइच 26.0, फतेहगढ़ 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में गर्मी और हल्की लू का असर रहने वाला है। बुन्देलखंड में भी चिलचिलती धूप लोगों को सहनी पड़ेगी। 
आपको बता दें कि बंगाल की खाड़ी में उठ रहे तूफान अम्फान कई राज्यों के लिए परेशानी बन सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इस समय देश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है। इसके कारण देश के पहाड़ी क्षेत्रों जैसे, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के साथ ही पंजाब, हरियाणा के इलाकों में इसका असर हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की दक्षिण-पूर्वी खाड़ी और पड़ोसी क्षेत्रों से उठा चक्रवाती तूफान अम्फान अगले कुछ घंटे परेशान कर सकता है। इस चक्रवात के ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट से टकराने की आशंका है। 

Desk Team