विधानसभा चुनावों में किसी माफिया को टिकट नहीं देगी BSP, मुख्तार अंसारी की जगह भीम राजभर होंगे उम्मीदवार

Summary :

मायावती ने कहा है कि बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी को टिकट नहीं दिया जाएगा। उनकी जगह पर बीएसपी के प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए राजनीतिक दलों की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। चुनावों के मद्देनजर बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) प्रमुख मायावती ने आज महत्वपूर्ण ऐलान किया है। मायावती ने कहा है कि बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी को टिकट नहीं दिया जाएगा। उनकी जगह पर बीएसपी के प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर पार्टी के उम्मीदवार होंगे।
बीएसपी सुप्रीमो ने ट्वीट कर अपने इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने अपन ट्वीट में लिखा, बीएसपी का अगामी यूपी विधानसभा आमचुनाव में प्रयास होगा कि किसी भी बाहुबली व माफिया आदि को पार्टी से चुनाव न लड़ाया जाए। इसके मद्देनजर ही आजमगढ़ मण्डल की मऊ विधानसभा सीट से अब मुख्तार अंसारी का नहीं बल्कि यूपी के बीएसपी स्टेट अध्यक्ष भीम राजभर के नाम को फाइनल किया गया है।


उन्होंने आगे लिखा, जनता की कसौटी व उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने के प्रयासों के तहत ही लिए गए इस निर्णय के फलस्वरूप पार्टी प्रभारियों से अपील है कि वे पार्टी उम्मीदवारों का चयन करते समय इस बात का खास ध्यान रखें ताकि सरकार बनने पर ऐसे तत्वों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने में कोई भी दिक्कत न हो।

एक अन्य ट्वीट में मायावती ने लिखा, बीएसपी का संकल्प ’कानून द्वारा कानून का राज’ के साथ ही यूपी की तस्वीर को भी अब बदल देने का है ताकि प्रदेश व देश ही नहीं बल्कि बच्चा-बच्चा कहे कि सरकार हो तो बहनजी की ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ जैसी तथा बीएसपी जो कहती है वह करके भी दिखाती है यही पार्टी की सही पहचान भी है।
बता दें कि बुधवार को बीएसपी सुप्रीमो ने मुख्य सेक्टर प्रभारियों और जिलाध्यक्षों की बैठक में टिकट बंटवारे को लेकर चर्चा के दौरान ही कहा कि इस बार आपराधिक छवि वालों को टिकट देने से बचना है। गौरतलब है कि प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। प्रदेश के सभी प्रमुख दलों बीजेपी, सपा और बीएसपी ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। जैसे-जैसे चुनावों का समय करीब आ रहा है, वैसे-वैसे राजनीतिक पार्टियों की बैठकें शुरू हो गई है।

Desk Team