बसपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने अयोध्या में बाबरी मस्जिद प्रकरण पर उच्चतम न्यायालय के फैसले का सभी पक्षों से सम्मान करने और देश का सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाये रखने की अपील की है। मायावती ने ट्वीट कर कहा, ‘‘परमपूज्य बाबा साहेब डा भीमराव अम्बेडकर के धर्मनिरपेक्ष संविधान के तहत माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा राम जन्मभूमि बाबरी मस्जिद भूमि विवाद के सम्बंध में आज आम सहमति से दिए गए ऐतिहासिक फैसले का सभी को सम्मान करते हुए अब इस पर सौहार्दपूर्ण वातावरण में ही आगे का काम होना चाहिए । ऐसी अपील व सलाह है।’’

मायावती ने न्यायालय का फैसला सुनाये जाने के कुछ समय पहले सभी पक्षों से अदालत का फैसला स्वीकार करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था, ‘‘अयोध्या प्रकरण अर्थात राम जन्मभूमि बाबरी मस्जिद मालिकाना हक विवाद के सम्बंध में फैसले पर इंतजार की घड़ी समाप्त हुई जिस पर आज माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा निर्णय सुनाया जाने वाला है। सभी लोगों से पुनः अपील है कि वे कोर्ट का फैसला स्वीकार करें व इसका सम्मान करें तथा शान्ति बनाए रखें।’’
SC के फैसले का सम्मान, लेकिन सुन्नी वक्फ बोर्ड संतुष्ट नहीं : जफरयाब जिलानी
उल्लेखनीय है कि उच्चतम न्यायालय की संविधान पीठ ने शनिवार को सर्वसम्मति से अपने फैसले में अयोध्या में विवादित स्थल पर राम मंदिर निर्माण की राहें खोल दीं और उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी में एक ‘‘प्रमुख’’ जगह पर नयी मस्जिद के निर्माण के लिये इसके एवज में पांच एकड़ वैकल्पिक जमीन सुन्नी वक्फ बोर्ड को आवंटित करने का केंद्र को निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेताओं ने न्यायालय के फैसले के मद्देनजर लोगों से शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की है।


Download Android App
Download iOS App



