उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माने जा रहे जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष में इसे लेकर घमासान जारी है। इस बीच बसपा सुप्रीमो मायावती ने जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि बसपा जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव नहीं लड़ेगी।
मायावती ने कहा कि बसपा ने इस समय प्रदेश में हो रहे ज़िला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को न लड़ने का निर्णय लिया है। पार्टी के लोगों को निर्देश है कि वे इस चुनाव में अपना समय और ताकत लगाने की बजाय पार्टी के संगठन को मजबूत बनाने और सर्व समाज में पार्टी के जनाधार को बढ़ाने में लगाएं। उन्होंने कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी की सरकार बन सकेगी। जब यहां बसपा की सरकार बन जाएगी तो ज़िला पंचायत अध्यक्ष खुद ही बसपा में शामिल हो जाएंगे।
बसपा सुप्रीमो ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी उसी तौर-तरीके से काम कर रही है, जैसा समाजवादी पार्टी करती थी। मायावती ने कहा कि ऐसी शैली की वजह से ही उन्होंने 1995 में सपा से अलग होने का फैसला किया था, लेकिन अब बीजेपी भी वही सब कर रही है। मायावती ने आगे कहा कि उनकी पार्टी के नेताओं को विरोधी पार्टियों की साम, दाम, दंड, भेद नीति से सावधान रहना होगा।
मायावती ने कहा, ” मैं तो फरवरी से ही लगातार लखनऊ में ही हूं। कोरोना वायरस संक्रमण के दौरान भी हम पार्टी की बैठक करते रहे हैं । हम उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। हमने बैठकों में ही तय किया है कि विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेंगे। अब भी पार्टी के नेता तथा कार्यकर्ता लगातार सक्रिय होकर 2022 की योजना तैयार करने में लगे हैं। हम तो हर स्तर पर पार्टी को बेहद मजबूत करने पर लगातार मंथन कर रहे हैं। हम किसी को दिखाते नहीं हैं, जबकि अन्य दल मीडिया के जरिये हमारा मनोबल तोडने में लगे हैं।”
मायावती ने इस दौरान भारतीय जनता पार्टी पर भी जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा भी अब तो समाजवादी पार्टी की तर्ज पर काम कर रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा ने अपना रंग दिया गया है। यह लोग लोकतंत्र की दुहाई देने के साथ ही अनुशासन की बड़ी-बड़ी बातें भी करते हैं, लेकिन इनका चेहरा सभी को दिख गया है।


Download Android App
Download iOS App



