उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में चार किसानों को कथित तौर पर कुचलने के लिए बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज होने के बाद केंद्रीय मंत्री अजय कुमार मिश्रा ने बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
गृह राज्यमंत्री अजय कुमार मिश्रा ने अमित शाह से की मुलाकात
सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री मिश्रा नॉर्थ ब्लॉक में पहली मंजिल पर स्थित अपने कार्यालय में आए और करीब आधे घंटे तक वहां रहे। कुछ आधिकारिक कामकाज करने के बाद मिश्रा नॉर्थ ब्लॉक से रवाना हो गए। इसके बाद वह शाह के आवास पर गए, जहां वह करीब आधे घंटे तक रहे।
आशीष मिश्रा और सात अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
ऐसा माना जा रहा है कि मिश्रा ने गृह मंत्री को उत्तर प्रदेश में अपने गृह जिले लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई घटना के बारे में बताया।पुलिस ने रविवार की घटना में किसानों की मौत को लेकर अजय कुमार मिश्रा के पुत्र आशीष मिश्रा और सात अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
प्रदर्शनकारियों ने कार में सवार चार लोगों को बाहर निकाला और पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी
केंद्रीय मंत्री ने किसान संगठनों के उन आरोपों से इनकार किया कि उनका बेटा एक कार में बैठा हुआ था। उन्होंने कहा कि उनके पास यह दिखाने के लिए सबूत है कि उनका बेटा कहीं और हो रहे किसी कार्यक्रम में गया हुआ था।मिश्रा का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को लेकर जा रही एक गाड़ी तब पलट गयी जब प्रदर्शनकारियों ने उस पर पथराव किया। किसान उस गाड़ी के नीचे आ गए और उनकी मौत हो गयी। प्रदर्शनकारियों ने कार में सवार चार लोगों को बाहर निकाला और पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी।


Download Android App
Download iOS App



