माफिया और बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी और उनकी पत्नी पर गैंगस्टर एक्ट लगाने के बाद योगी सरकार ने मुख्तार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है। लखनऊ पुलिस ने मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी और उमर अंसारी को इनामी बदमाश घोषित किया है। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस कमिश्नर की ओर से जारी आदेश के मुताबिक उमर और अब्बास पर 25-25 हज़ार का इनाम घोषित किया गया है। दोनों के खिलाफ कुछ दिन पहले अवैध कब्जे के मामले में एफआईआर हुई थी। इससे पहले प्रशासन ने लखनऊ में उनके अवैध कब्जे वाली जमीन पर बनी दो इमारतों को ढहा भी दिया गया था।
जियामऊ के लेखपाल सुरजन लाल ने मुख्तार अंसारी और उनके बेटे उमर और अब्बास के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में जालसाजी, साजिश रचने, जमीन पर अवैध कब्जा करने के आरोप में केस दर्ज कराया था। सुरजन लाल का आरोप था कि जिस जमीन पर मुख्तार के बेटों ने ईमारत बनवाई थी , वह मोहम्मद वसीम की थी।
वसीम के नाम बतौर माताहतदार दर्ज जमीन उनके पाकिस्तान चले जाने के बाद जमीन निष्करांत संपति में शामिल हो गई थी। इसके बाद यह जमीन बिना किसी सक्षम अधिकारी के आदेश के लक्ष्मी नारायण और कृष्ण कुमार के नाम पर चढ़ गया था।
छानबीन में पता चला कि आरोपितों ने संबंधित जमीन की खतौनी भी गायब कर दी थी। इसके बाद मुख्तार और उसके बेटों ने यह जानते हुए कि उक्त जमीन सरकारी है अपने रसूख का इस्तेमाल कर फर्जीवाड़े के तहत जमीन अपने नाम करवा कर नक्शा पास करा लिया था।


Download Android App
Download iOS App



