गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा शहर में शुक्रवार को सोलर पैनल बनाने वाली एक कंपनी की इमारत का अगला हिस्सा अचानक गिरने से उसमें दब कर कम से कम दो मजदूरों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
अपर पुलिस आयुक्त श्रीपर्णा गांगुली ने बताया कि सेक्टर 24 थाना क्षेत्र के सेक्टर-11 में स्थित सोलर पैनल बनाने वाली कंपनी शक्ति टेक्नोफैब प्रोडक्ट औद्योगिक भवन की एक इमारत का अगला हिस्सा आज शाम करीब साढ़े सात बजे अचानक गिर गया।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में जयनेंद्र ठाकुर, गोपी और राहुल सहित चार मजदूर दब गए। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद मलबे में फंसे चार मजदूरों को बाहर निकाला।
गांगुली ने बताया कि चारों को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने जयनेंद्र ठाकुर और गोपी को मृत घोषित कर दिया, वहीं अन्य दो मजदूरों की हालत भी नाजुक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी है।


Download Android App
Download iOS App



