उत्तर प्रदेश में भाजपा की सहयोगी पार्टी निषाद पार्टी ने घोषणा की है कि वह लोकसभा चुनाव अपने सिंबल पर लड़ेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने कहा कि पार्टी संसद में अपनी मौजूदगी चाहती है। निषाद पार्टी ने 2019 का लोकसभा चुनाव बीजेपी के साथ गठबंधन में और बीजेपी के सिंबल पर भी लड़ा था।
27 लोकसभा सीटें जो नदियों के किनारे स्थित
संजय निषाद के बेटे प्रवीण निषाद ने संत कबीर नगर से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था और जीते थे। 2019 का चुनाव पहला आम चुनाव था, जिसे पार्टी ने लड़ा था। संजय निषाद ने कहा कि आम चुनाव की तैयारी शुरू हो चुकी है। तीन चरणों में तैयारियां की जाएंगी। पहले चरण में पार्टी उन 27 लोकसभा सीटों पर उपस्थिति मजबूत करने का काम करेगी, जहां 4.5 लाख से अधिक निषाद मतदाता हैं। ये 27 लोकसभा सीटें जो नदियों के किनारे स्थित हैं।
पदाधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू
मतदाताओं के लक्षित समूह के साथ सीधा संपर्क स्थापित करने के लिए पार्टी अपनी बूथ-स्तरीय समितियों और ब्लॉक-स्तरीय समितियों को मजबूत करेगी। पार्टी ने कैडर प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के अलावा अपने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू कर दिया है।
इस बीच, संजय निषाद की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए, भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा, हर कोई अपना निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र है, लेकिन भाजपा ने अभी तक सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे पर फैसला नहीं किया है और न ही इस मुद्दे पर कोई बातचीत हुई है।


Download Android App
Download iOS App



