उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने कहा कि उनकी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन करके उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में 15 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। संजय निषाद ने कहा कि वह सोमवार को दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह और BJP के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान यह तय किया जाएगा कि वह 15 सीटें कौन सी होंगी जिन पर निषाद पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी।
बता दें कि लोकसभा चुनाव 2019 में निषाद पार्टी का भाजपा से समझौता हुआ था। तब निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के बेटे प्रवीन निषाद को भाजपा ने संतकबीरनगर से अपना प्रत्याशी बनाया था और वे जीते भी थे। विधानसभा चुनाव 2022 से ठीक पहले भाजपा ने डॉ. संजय निषाद को एमएलसी बना दिया। अब सीटों के बंटवारे पर सहमति बन गई है।
निषाद पार्टी का दबदबा
मालूम हो कि निषाद समाज की आरक्षण राजनीति से ही डा.संजय निषाद को सियासत में तरक्की मिली है। गोरखपुर जिले में गठित हुई निषाद पार्टी आज सूबे की राजनीति में अहम हो गई है। बताया जाता है कि यूपी की 144 से अधिक विधानसभा की सीटों पर निषाद और उनकी अन्य उपजातियों का दबदबा है। इस वोट बैंक पर यूपी के सभी सियासी दलों की नजर है। सिर्फ आठ साल के सफर में निषाद पार्टी का पीस पार्टी और सपा के बाद भाजपा के साथ तीसरा गठबंधन है। हर गठबंधन के साथ इस पार्टी के मुखिया डा. संजय ने अपनी ताकत बढ़ाई। लगातार दो बार बेटे को सांसद बनाया और हाल ही में भाजपा ने उन्हें भी विधान परिषद में पहुंचा दिया। आठ साल पहले अन्य पिछड़ा वर्ग में शामिल निषादों को अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने की मांग ने निषाद पार्टी की भूमिका तैयार की। पार्टी का नाम निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) रखा गया।
यूपी चुनाव की तारीख
गौरतलब है कि चुनाव आयोग के निर्देशों के मुताबिक राज्य में चुनाव 10 फरवरी, 14 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, 3 मार्च और सात मार्च को होना है। वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी।


Download Android App
Download iOS App



