नोएडा से एक बहुत ही दुखद घटना सामने आई है। दरअसल, सेक्टर-8 के जेजे कॉलोनी के एक घर में रसोई गैस सिलिंडर फटने से भीषण आग लग गई। हादसे में एक परिवार के 6 लोग झुलस गए। जानकरी के मुताबिक़, घटना में महज 12 दिन की एक मासूम बच्ची समेत कुल 2 बच्चों की मौत हो गई। वहीं बाकी 4 घायल सदस्यों को दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया है।
घटना सेक्टर 8 के डी-221 के सामने बनी एक झुग्गी में हुई
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार सुबह करीब तीन बजे सेक्टर 8 के डी-221 के सामने बनी एक झुग्गी में हुई, जहां आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां और कोतवली फेज-1 की पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस दौरान एक ही परिवार के 6 लोग आग में बुरी तरह झुलस गए। सभी को नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 8 वर्षीय एक लड़के और महज 12 दिन की एक नवजात बच्ची की मौत हो गई।
चार घायलों की गंभीर हालत है
गौतमबुद्ध नगर के सीएसओ प्रदीप कुमार ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में आग गैस के सिलेंडर में लीकेज की वजह से लगने की बात सामने आई है। वहीं चार घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



