प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को उत्तर प्रदेश का एकदिवसीय दौरा करेंगे और इस दौरान नौ चिकित्सा महाविद्यालयों का उद्घाटन करने के साथ ही वह प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से मिली जानकारी के मुताबिक मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के लिए 5200 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री भी रहेंगे उपस्थित
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया भी उपस्थित रहेंगे।पीएमओ ने कहा कि पीएम आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना देश भर में स्वास्थ्य ढांचा मजबूत करने वाला एक देशव्यापी व सबसे बड़ी योजना है और यह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अतिरिक्त होगा। पीएमओ ने कहा कि आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना का उद्देश्य शहरी व ग्रामीण इलाकों में प्राथमिक व गंभीर स्वास्थ्य हालातों के लिए सुविधाओं में मौजूदा खाई को पाटने का है।
इस योजना के तहत 10 राज्यों में 17,788 ग्रामीण और शहरी स्वास्थ्य और उपचार केंद्रों को सहयोग किया जाएगा। साथ ही सभी राज्यों में 11,024 शहरी स्वास्थ्य व उपचार केंद्रों की स्थापना की जाएगी। पीएमओ ने कहा कि पांच लाख से अधिक की आबादी वाले देश के सभी जिलों में क्रिटिकल केयर केंद्रों की स्थापना की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



