कानपुर पुलिस ने राज्य में दो लोगों को ‘लव जिहाद’ मामले में गिरफ्तार किया है। रविवार की रात गिरफ्तार हुए दोनों लोगों की पहचान मोहसिन खान और आमिर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मोहसिन खान ने खुद को समीर बताते हुए एक लड़की से दोस्ती की और फिर उससे शादी की।
वहीं, उसके दोस्त आमिर ने मोहसिन की पत्नी की छोटी बहन के साथ दोस्ती कर ली, लेकिन उस लड़की को उनकी योजना का अंदाजा हो गया। लिहाजा उसने आमिर से मिलना बंद कर दिया। जबकि आमिर से शादी न करने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी तक दी गई थी।
लड़कियों के पिता ने इस मामले की जांच के लिए कानपुर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) मोहित अग्रवाल से संपर्क किया था। इसके बाद आईजी ने मामले की जांच के लिए दक्षिण के पुलिस अधीक्षक दीपक भुकर की अगुवाई में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया।
इस मामले में पनकी पुलिस स्टेशन में केस भी दर्ज किया गया और रविवार की शाम मोहसिन खान और आमिर को गिरफ्तार कर लिया गया। आईजी मोहित अग्रवाल ने बताया कि एसआईटी अब इसी तरह के अन्य मामलों की भी जांच करेगी। उन्होंने कहा, “एसआईटी ऐसे मामलों की एक सूची तैयार कर रही है, वो भी विशेष रूप से जूही क्षेत्र की। मोबाइल सर्विलांस के माध्यम से हम पता लगाएंगे कि क्या कोई गिरोह या संगठन है जो ऐसे मामलों के पीछे है। ऐसे मामलों को लेकर हम बहुत सख्त होने जा रहे हैं।”


Download Android App
Download iOS App



