मायावती ने डेंगू और अन्य बुखार के बढ़ते प्रकोप पर जाहिर की चिंता, कहा- इस ओर जरूर ध्यान दे UP सरकार

Summary :

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने फिरोजाबाद तथा कुछ अन्य जिलों मे डेंगू तथा अन्य प्रकार के बुखार के बढ़ते प्रकोप पर चिंता जाहिर करते हुए यूपी सरकार से इस पर ध्यान देने का आग्रह किया है।

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में वायरल फीवर और डेंगू का कहर जारी है। अब तक कई लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें बड़ी संख्या भी बच्चे भी शामिल हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी दिनेश कुमार प्रेमी ने बुधवार को बताया कि पूरे जिले में अब तक 55 लोगों की मौत हो चुकी है जिनमें अधिकांश बच्चे हैं। 
इसी बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने फिरोजाबाद तथा कुछ अन्य जिलों मे डेंगू तथा अन्य प्रकार के बुखार के बढ़ते प्रकोप पर चिंता जाहिर करते हुए यूपी सरकार से इस पर ध्यान देने का आग्रह किया है। मायावती ने गुरुवार को एक ट्वीट के जरिए कहा कि उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी के बीच डेंगू व अन्य रहस्यमयी बुखार का प्रकोप बड़ी तेजी से लगभग पूरे राज्य को अब अपनी चपेट में ले रहा है। 


उन्होंने कहा कि लेकिन सरकारी अस्पतालों में उचित व्यवस्था के अभाव में कई मरीजों की जान जा रही है। यह अति-चिन्तनीय है। सरकार इस ओर जरूर ध्यान दे। गौरतलब है कि फिरोजाबाद जिले में पिछले दिनों पहले डेंगू तथा वायरल बुखार से अब तक कम से कम 55 मरीजों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा मथुरा, आगरा तथा कुछ अन्य जिलों में भी ऐसे मामले सामने आ रहे हैं।

Desk Team