एटा जिले के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित जिला कारागार में एक सजायाफ़्ता कैदी ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। वहीं, कैदी के परिजनों ने उसकी हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। जेल अधीक्षक अमित चौधरी ने बताया कि सोमवार को जिले के हिन्दू नगर निवासी साजिद ने जेल की पाठशाला में पंखे पर अंगोछा बांधकर उससे लटक कर फांसी लगा ली जिससे उसकी मौत हो गई।
- एटा जेल में बंद एक कैदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली
- कैदी के परिजनों ने उसकी हत्या किये जाने का आरोप लगाया है
- कैदी को एक नाबालिग़ से दुष्कर्म मामले में 20 साल की सजा सुनायी गई थी
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
अमित चौधरी ने बताया कि साजिद को 2021 में एक नाबालिग़ से दुष्कर्म के मामले में 20 साल कैद की सजा सुनायी गई थी और तब से वह कारागार में निरुद्ध था। साजिद के परिवार के एक सदस्य ने आरोप लगाया कि जेल में साजिद की मौत की सूचना जेल प्रशासन ने उन्हें काफी देरी से रात्रि 10 बजे दी। उसने दावा किया कि साजिद कभी आत्महत्या कर ही नहीं सकता। परिजनों ने कहा कि वह दो दिन पूर्व में उससे मिलने आए थे तब उसने कोई भी परेशानी नहीं बताई थी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
जेल अधीक्षक चौधरी ने कहा कि घटना की जेल प्रशासन स्तर से जांच कराई जाएगी, साथ ही मजिस्ट्रेट जांच के लिए पत्र लिख दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगर घटना में कोई दोषी पाया जाएगा तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


Download Android App
Download iOS App





