मेरठ SP के पाक चले जाने वाले बयान पर प्रियंका ने की भाजपा की आलोचना, ट्वीट कर कही ये बात

Summary :

प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को भाजपा पर आरोप लगाया कि पार्टी ने संस्थाओं में सांप्रदायिकता का जहर इस हद तक घोल दिया है कि अधिकारियों को संविधान की कसम की भी कद्र नहीं रह गई।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को भाजपा पर शनिवार को आरोप लगाया कि पार्टी ने संस्थाओं में सांप्रदायिकता का जहर इस हद तक घोल दिया है कि अधिकारियों को संविधान की कसम की भी कद्र नहीं रह गई। प्रियंका ने अपने ट्वीट में मेरठ का एक कथित वीडियो टैग किया जिसमें एक पुलिस अफसर एक समुदाय विशेष के लोगों को पाकिस्तान चले जाने को कहता दिख रहा है। 
वहीं, उसका साथी पुलिसकर्मी मिनटों में सब कुछ ‘काला’ कर देने की बात कह रहा है। वीडियो में पुलिस अधिकारी कुछ लोगों की तस्वीर खींचने की बात कहता हुआ धमकी भरे लहजे में अपशब्दों का इस्तेमाल करता सुनाई दे रहा है। 
कांग्रेस महासचिव ने कहा, “भारत का संविधान किसी भी नागरिक के साथ इस भाषा के प्रयोग की इजाजत नहीं देता। जब आप अहम पद पर बैठे अधिकारी हैं तब तो जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।” उन्होंने कहा, “भाजपा ने संस्थाओं में इस कदर साम्प्रदायिक जहर घोला है कि आज अफसरों को संविधान की कसम की भी कोई कद्र नहीं है।” 
मालूम हो कि संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ उत्तर प्रदेश में 20 दिसंबर को मेरठ समेत प्रदेश के अनेक जिलों में हिंसा भड़क उठी थी। इस हिंसा में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं और कई मंचों से इसकी न्यायिक जांच की मांग की जा चुकी है। 

Desk Team