सफाई कर्मचारी अरुण की पुलिस हिरासत में मौत की घटना के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को आगरा पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
प्रियंका ने भाजपा पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता प्रियंका ने कई ट्वीट कर भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार और पुलिस पर निशाना साधा।
प्रियंका ने ट्वीट किया, ‘‘किसी को पुलिस हिरासत में पीट-पीटकर मार देना कहां का न्याय है? आगरा पुलिस की हिरासत में अरुण वाल्मीकि की मौत की घटना निंदनीय है। भगवान वाल्मीकि जयंती के दिन उत्तर प्रदेश सरकार ने उनके संदेशों के खिलाफ काम किया है। मामले में उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और आरोपी पुलिस वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए तथा पीड़ित परिवार को मुआवजा मिलना चाहिए।’’
अरुण वाल्मीकि की मृत्यु पुलिस हिरासत में हुई। उनका परिवार न्याय मांग रहा है। मैं परिवार से मिलने जाना चाहती हूं। उप्र सरकार को डर किस बात का है? क्यों मुझे रोका जा रहा है।
आज भगवान वाल्मीकि जयंती है, पीएम ने महात्मा बुद्ध पर बड़ी बातें की, लेकिन उनके संदेशों पर हमला कर रहे हैं।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) October 20, 2021
पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा
आगरा के जगदीशपुरा थाना के मालखाने से 25 लाख रुपये चुराने के आरोपी व्यक्ति की कथित रूप से पुलिस हिरासत में हुई मौत के मामले में प्रशासन ने बुधवार को पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक व्यक्ति को सफाईकर्मी की नौकरी देने का वादा किया है।
जब तक निष्पक्ष जांच शुरू नहीं होती नहीं मनाएंगे महर्षि वाल्मीकि जयंती – स्थानीय नेता
वहीं, वाल्मीकि समुदाय के लोग अरुण के मृत्यु के मामले की स्वतंत्र जांच की मांग कर रहे हैं। समुदाय के स्थानीय नेताओं ने कहा है कि इस मामले में जब तक निष्पक्ष जांच शुरू नहीं होती तब तक वे ”महर्षि वाल्मीकि जयंती’ नहीं मनाएंगे।


Download Android App
Download iOS App



