उत्तर प्रदेश के वाराणसी के बुनकरों की पेरशानियों को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। पत्र में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुनकरों को फ्लैट रेट पर बिजली देने की योजना को फिर से बहाल करने की मांग की है। प्रियंका गांधी ने पत्र में लिखा है कि, मेरी जानकारी में आया है कि पिछले कुछ समय से वाराणसी के बुनकर बहुत ही परेशान और हताश हैं। पूरी दुनिया में मशहूर बनारसी साड़ियों के बुनकरों के परिवार दाने-दाने को मोहताज हो गए हैं।
उन्होंने पत्र में आगे लिखा, कोरोना महामारी और सरकारी नीतियों के चलते उनका पूरा कारोबार चौपट हो गया है जबकि उनकी हस्तकला द्वारा सदियों से उत्तर प्रदेश का नाम रोशन हुआ है। राज्य सरकार को इस कठिन दौर में उनकी पूरी सहायता करनी चाहिए। यूपी की प्रभारी महासचिव प्रियंका ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम लिखे पत्र में कहा है कि यूपीए सरकार ने 2006 में बुनकरों के लिए फ्लैट रेट पर बिजली देने की योजना लागू की थी। मगर आपकी सरकार यह योजना खत्म करके बुनकरों के साथ बहुत नाइंसाफी कर रही है।
कांग्रेस महासचिव में पत्र में लिखा है कि सिर्फ इतना ही नहीं बुनकरों ने मुझे बताया कि मनमाने बिजली बिल के खिलाफ जब वे हड़ताल पर गए तो सरकार ने उन्हें वार्ता के लिए बुलाया। सरकार के प्रतिनिधि ने उन्हें भरोसा भी दिलाया कि उनकी मांगें मान ली जाएंगी। लेकिन इसके बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान करने का कोई प्रयास नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि फ्लैट रेट पर बिजली देने की योजना बहाल की जाए। फर्जी बकाया के नाम पर बुनकरों का उत्पीड़न तत्काल प्रभाव से रोका जाए। बुनकरों के बिजली कनेक्शन न काटे जाएं। जो बिजली के कनेक्शन कट गए हैं उन्हें तत्काल जोड़ा जाए।


Download Android App
Download iOS App



