कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को लखनऊ में पार्टी उम्मीदवारों के लिए रोड शो किया। जैसे ही उनका काफिला चिनहट इलाके से सड़कों पर निकला, उन्हें देखने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया और उनका हौंसला बढ़ाया। कई युवकों को टी-शर्ट पहने देखा गया, जिस पर प्रियंका की तस्वीर छपी हुई थी। रोड शो के पहले चरण के दौरान बख्शी का तालाब सीट से कांग्रेस उम्मीदवार प्रियंका के साथ थीं, लखनऊ में 23 फरवरी को मतदान होना है।
आतंकवादी वाले बयान पर प्रियंका ने दी प्रतिक्रिया
इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश की सियासत में गरमाए हुए आतंकवादियों से समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पार्टी के संबंध वाले मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिद्वंद्वी दलों पर तीखा हमला किया और उन पर आतंकवादियों के प्रति सहानुभूति रखने का आरोप लगाया जिसके एक दिन बाद, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने आरोपों का जवाब दिया और कहा कि पीएम को केवल प्रासंगिक मुद्दों पर बात करनी चाहिए।
PM मोदी प्रासंगिक मुद्दों पर करें बात :प्रियंका
प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी केवल राज्य विधानसभा चुनावों के कारण इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर पलटवार किया और उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी के मुद्दे पर नेताओं से सवाल किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि “पीएम मोदी ये जानते है कि यह सच नहीं है। वह यह सब चुनाव के कारण ही कह रहे हैं। जब कई सरकारी पद खाली पड़े हैं तो यूपी में बेरोजगारी क्यों है? उन्हें केवल प्रासंगिक मुद्दों पर बात करनी चाहिए।”
जानिए प्रधानमंत्री मोदी ने क्या कहा?
पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘समाजवादी पार्टी और कांग्रेस नेताओं का रवैया खतरनाक है। ये लोग ओसामा (बिन लादेन) जैसे आतंकवादी को जी (सम्मानजनक) कहते हैं, ये लोग आंसू बहाते हैं। बाटला हाउस मुठभेड़ में शामिल आतंकवादियों के मारे जाने पर… हमें ऐसे लोगों और ऐसे राजनीतिक दलों से सतर्क रहना होगा। वे कुर्सी के लिए देश को भी दांव पर लगा सकते हैं। वे देश की सुरक्षा के साथ भी खेलते हैं।”
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जब उत्तर प्रदेश में सपा सत्ता में आई, तो उसकी सरकार ने शमीम अहमद के खिलाफ मामला वापस लेने की कोशिश की, जो वाराणसी में संकट मोचन मंदिर और कैंट रेलवे स्टेशन में बम विस्फोटों का आरोपी था।


Download Android App
Download iOS App



