कृषि कानूनों के खिलाफ गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों का विरोध प्रदर्शन आज 66वें दिन भी जारी है। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए बॉर्डर पर सुरक्षा बल तैनात है। वहीं भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा ने केन्द्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन में राजनीतिक दलों को नहीं घुसने दिया था लेकिन प्रदर्शन स्थलों पर ‘‘लोकतंत्र का मजाक बनाए जाने’’ के बाद ही उसने राजनीतिक समर्थन लिया।
गाजीपुर में दिल्ली-मेरठ राजमार्ग पर प्रदर्शन स्थल पर सैकड़ों की संख्या में किसानों के जुटने की पृष्ठभूमि में टिकैत ने यह टिप्पणी की। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड से बड़ी संख्या में किसान गाजीपुर सीमा पर जुट रहे हैं। गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड के दौरान हुई हिंसा के बाद किसान आंदोलन अपनी गति खोने लगा था लेकिन टिकैत के भावुक अपील और मुजफ्फरनगर में आज आयोजित महापंचायत ने आंदोलन में जान फूंक दी है।
लोकतंत्र का मजाक बनाए जाने के बाद किसान आंदोलन के लिए राजनीतिक समर्थन लिया : राकेश टिकैत
एक सवाल के जवाब में टिकैत ने कहा, ‘‘संयुक्त किसान मोर्चा ने राजनीतिक दलों को अपने आंदोलन में प्रवेश नहीं करने दिया था क्योंकि हमारा आंदोलन गैर राजनीतिक है। प्रदर्शन को लेकर लोकतंत्र का मजाक बनाए जाने के बाद, राजनीतिक दलों से समर्थन लिया गया। इसके बावजूद, नेताओं को किसान आंदोलन के मंच से दूर रखा गया है।’’ गाजीपुर बॉर्डर पर टिकैत से मिलने आए शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने कहा, ‘‘मोदी साब नु किसाना दी मन दी गल सुननी चाहिदी है।’’ शिअद कृषि कानूनों को लेकर केन्द्र में सत्तारूढ़ राजग से रिश्ता तोड़ चुका है।
दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है, जिसके तहत दिल्ली पुलिस ने अपना कड़ा पहरा बिठा दिया है। गाजीपुर बॉर्डर किसानों को रोकने के दिल्ली पुलिस की तरफ से की गई अस्थाई व्यवस्था नाकाम रही थी, लेकिन अब इन्हें रोकने के लिए मजबूत और स्थाई व्यवस्था की जा रही है, जिसमें बैरिकेट के ऊपर कटीले तार और सड़क पर परमानेंट बैरिकेड लगाना शामिल है।
दरअसल सड़क पर परमानेंट बैरिकेड बनाने का मुख्य कारण किसानों को दिल्ली की सीमा में प्रवेश करने से रोकना है। ये बैरिकेड असल में क्रंक्रीट की दीवार हैं। इनको आसानी से हटाना नामुमकिन है, वहीं यदि किसी को इन्हें पार करना है, तो दीवार को तोड़ना ही पड़ेगा। इन्ही बैरीकेड पर कटीले तार लगाए जा रहें हैं, ताकि बैरिकेड के ऊपर से कोई कूद न सके। यानी अब गाजीपुर बॉर्डर पूरी तरह से बंद हो चुका है। नेशनल हाइवे और नेशनल हाइवे 9 अब कोई गाड़ी दिल्ली की सीमा में प्रवेश नहीं कर सकेगी।
ऐसे में सोमवार से दिल्ली और गाजियाबाद के बीच आने-जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, ट्रैफिक डायवर्जन के कारण आसपास के इलाके में भारी जाम लग गया। लोगों को अपने गंतव्य स्थान तक जाने के लिए घंटों सड़कों पर खड़े रहे। गाजीपुर बॉर्डर पर अब नीचे की रोड बंद करने के साथ-साथ ऊपर फ्लाइओवर से जाने का रास्ता भी पुलिस ने पूरी तरह बंद कर दिया है।


Download Android App
Download iOS App



