समाजवादी पार्टी मुद्दों से भटक गई है : मंत्री कपिल देव अग्रवाल

Summary :

कपिल देव अग्रवाल ने सपा पर लगाए मुद्दों से भटकने के आरोप

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने विधानसभा में अंग्रेजी विवाद वाले मुद्दे पर समाजवादी पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी मुद्दों से भटक गई है। कपिल देव अग्रवाल ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा, “समाजवादी पार्टी मुद्दों से भटक गई है। क्या सवाल पूछना है, क्या बोलना है, इनको पता नहीं रहता है। भोजपुरी, ब्रज, अवधी भाषाओं की व्यवस्था यदि विधानसभा अध्यक्ष ने कर दी है तो उनके विधायक भी तो इन क्षेत्रों से आते हैं। ये लोग उर्दू की मांग करने लगेहैं। उन लोगों की बुद्धि बौखला गई है। मुस्लिमों का तुष्टिकरण करने के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं।”

उन्होंने कहा कि विपक्ष महाकुंभ और भाषा का विरोध कर रहा है। वे इन मुद्दों पर जितना आगे बढ़ते जा रहे हैं, वे गर्त में गिरते जा रहे हैं। सनातन संस्कृति को लगातार प्रचंड समर्थन मिल रहा है। समाजवादी पार्टी लगातार पतन की ओर अग्रसर हो रही है।

उन्होंने नए मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति पर कहा कि उनका स्वागत और अभिनंदन है। राहुल गांधी विपक्ष के नेता के तौर पर कैसे बोलते हैं? क्या व्यवहार करते हैं? विषय कुछ और होता है, बोलते किसी और विषय पर हैं। वह विदेशी समर्थक हैं, क्योंकि वह आधे विदेशी ही हैं। विदेश से उन्हें ज्यादा प्यार है। भारत से कम है।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में मंगलवार को अंग्रेजी और उर्दू को लेकर जमकर बहस हुई। इस बार विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही हिंदी के साथ अवधी, ब्रज, भोजपुरी, बुंदेली और अंग्रेजी भाषाओं में सुने जाने का प्रावधान किया गया है। सदन में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि जो हमारी भाषा है, अवधी, बुंदेलखंडी, उसका हम विरोध नहीं करते, लेकिन गांव और क्षेत्र के लोग अंग्रेजी कितना समझ पाएंगे?

इस पर मुख्यमंत्री योगी ने सपा पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सपा अपने बच्चों को इंग्लिश मीडियम स्कूलों में पढ़ाएगी और जब सरकार आम जनता के बच्चों को बेहतर सुविधाएं देने की बात करती है, तो ये लोग उर्दू थोपने की वकालत करने लगते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा देश को “कठमुल्लापन” की ओर ले जाना चाहती है, जो कतई स्वीकार्य नहीं होगा।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.