सपा के कद्दावर नेता एसआरएस यादव का कोरोना से निधन, मुलायम – अखिलेश ने जताया शोक

Summary :

समाजवादी पार्टी (सपा) के कद्दावर नेता और विधान परिषद सदस्य एसआरएस यादव का कोरोना संक्रमण के चलते मंगलवार सुबह निधन हो गया।

समाजवादी पार्टी (सपा) के कद्दावर नेता और विधान परिषद सदस्य एसआरएस यादव का कोरोना संक्रमण के चलते मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे। बाबू जी के नाम से राजनीति के गलियारों में सम्मानित एसआरएस  यादव को कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद संजय गांधी स्नानाकोत्तर आर्युविज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया था जहां करीब दो बजे उन्होने अंतिम सांस ली। 
समाजवादी पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के घनिष्ठ विश्वासपात्र और सलाहकार रहे एसआरएस यादव राजनीति में आने से पहले सहकारी बैंक में नौकरी करते थे जहां उनकी मुलाकात मुलायम सिंह यादव से हुयी थी। वर्ष 1989 में मुलायम ने पहली बार मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हे अपना विशेष कार्याधिकारी नियुक्त किया था। 
सपा मुख्यालय की कमान एसआरएस यादव ही संभालते थे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुजुर्ग नेता की मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुये ट्वीट किया ‘‘ सपा के वरिष्ठ नेता, एमएलसी व पार्टी कार्यालय के प्रभारी श्री एसआरएस यादव जी के कोरोना से निधन पर हम सब स्तब्ध हैं। प्रदेश ने आज एक समर्पित समाजवादी खो दिया है।’’

Ujjwal Jain