उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के लक्ष्मीगंज बाजार में शनिवार देर रात उग्र भीड़ ने पुलिस चौकी पर हमला कर दिया। हमले में चौकी इंचार्ज और तीन सिपाहियों को चोटें आई हैं। इतना ही नहीं उपद्रवी हिरासत में लिए गए युवक को जबरन छुड़ा ले गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे रामकोला एसओ ने बताया कि हमलावरों को चिह्नित किया जा रहा है। सभी के खिलाफ केस दर्ज कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने छुड़ाए गए युवक को लॉकडाउन में बिना मास्क जुटी भीड़ को हटाने के दौरान बहस करने पर हिरासत में लिया था। रात को लक्ष्मीगंज के चौकी इंचार्ज आरएन दुबे चौकी के तीन सिपाहियों के साथ बाजार में गश्त कर रहे थे। श्रीराम चौक पर भीड़ जुटी थी। किसी के चेहरे पर मास्क नहीं था।
पुलिस ने भीड़ का हटने की हिदायत दी तो कुछ लोग तो भाग गए मगर कुछ नहीं हटे। पुलिस ने बल प्रयोग करने की चेतावनी दी तो श्रीराम चौक निवासी विनोद विश्वकर्मा पुलिस से बहस करने लगा। पुलिस ने उसे समझाया मगर वह कुतर्क करने लगा। इसके बाद पुलिस टीम उसे हिरासत में लेकर चौकी पर चलान कर दिया।
पुलिस का कहना है कि इसके बाद कुछ मनबढ़ ने कुछ लोगों को लामबंद कर पुलिस के खिलाफ उकसाया और श्रीराम चौक पर भीड़ जुटा कर सैकड़ों लोग पुलिस चौकी पहुंच गए। पुलिस चौकी में घुस कर पुलिस वालों से मारपीट की। जबरन चौकी से हिरासत में लिए गए युवक को छुड़ा ले गए। पुलिस ने पीछा किया तो पत्थरबाजी करने लगे। पथराव में लक्ष्मीगंज चौकी इंचार्ज राम नारायण दुबे का सिर फट गया। सिपाहियों को भी चोटें आयीं।
इसकी सूचना रामकोला थाने पर पहुंची तो थानाध्यक्ष करुणेश प्रताप सिंह फोर्स लेकर कुछ ही देर में लक्ष्मीगंज बाजार में पहुंच गए। फोर्स देखते ही लोग घरों में भाग गए और बाजार में सन्नाटा पसर गया। फोर्स ने बाजार में गश्त कर हमलवारों का पता लगाने की कोशिश की। सबका तो नहीं मगर भीड़ को उकसाने वालों का सुराग मिल गया।
रामकोला थानाध्यक्ष करुणेश प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम लॉकडाउन के नियमों का पालन करा रही थी, तभी कुछ लोग पुलिस से बेवजह की बहस करने लगे। बाद में चौकी पर आकर पथराव करने लगे जिससे एसआई आरएन दुबे का सिर फट गया है। सिपाहियों को भी चोट आयी है। हमलावरों को चिह्नित किया जा रहा है। सभी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



